खुटहन। थाना क्षेत्र के इमामपुर गांव में दो पड़ोसियों के बीच आबादी की जमीन को लेकर चल रहे विवाद में मंगलवार की देर शाम एक पक्ष की ओर से कुछ बाहरी लोग पहुंच गए। दो बाइक से आए छह की संख्या में दबंगों ने विवादित भूमि में स्थित टीन शेड ढहाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने विरोध करते हुए उन्हें घेर लिया तो दबंग हवाई फायर करते हुए भाग गए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
गांव के महंथलाल गुप्ता और पड़ोसी मोहम्मद इजहार हुसैन के बीच आबादी की जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। आपस में कई बार पंचायत हो चुकी है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इजहार हुसैन का आरोप है कि इसी विवाद में मंगलवार की देर शाम दूसरे पक्ष से दो बाइक पर सवार होकर छह लोग पहुंचे और भूमि पर लगे उसका टीनशेड उखाड़ने लगे। शोर मचाने पर गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की ललकार सुन दबंग खुद को घिरता महसूस कर भागने लगे। लोगों ने पीछा किया तो एक ने तमंचे से हवा में फायर कर दिया। ग्रामीणों के पीछे हटते ही मनबढ़ फरार हो गए। इस बाबत प्रभारी थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह ने कहा कि गोली चलने की अफवाह फैलाई जा रही है। न तो कोई घायल है और न ही खोखा ही बरामद हुआ है।