सिकरारा। रायबरेली-जौनपुर मार्ग पर सिकरारा बाजार के पास बस से टक्कर के बाद बाइक सवार पिता की मौत हो गई, जबकि वहीं पुत्र गंभीर से घायल हो गया। उसे प्रारंभिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद बस चालक भाग गया।
मछलीशहर के पुरानीबाजार निवासी अनिल सोनी, कुणाल सोनी और मोहित सोनी बाइक से जौनपुर की तरफ जा रहे थे। सिकरारा बाजार के पास पीछे से तेज रफ्तार आ रही दूसरी बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे असंतुलित हुई बाइक सामने से आ रहे आलमबाग डिपो की बस की चपेट में आ गई। इस हादसे में तीनों बाइक सवार को गंभीर चोट आई। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अनिल (45) को मृत घोषित कर दिया। पुत्र कुणाल (15) को वाराणसी रेफर किया गया। तीसरे घायल मोहित का उपचार चल रहा है। उधर, हादसे के बाद बस चालक भाग गया। पुलिस वाहन को थाने ले गई। परिचालक उमाकांत सिंह ने बताया कि बस में 27 यात्री सवार थे। जिन लोगों ने कैश किराया दिया था, उन्हें लौटा दिया गया। ऑनलाइन बुकिंग कराने वालों से वाराणसी अथवा आलमबाग जाकर विभाग से लेने की बात कही। परेशान यात्रियों को पुलिस ने थाने पर बुलाकर दूसरे वाहन से उनके गंतव्य तक भेजवाया।
खड़ी ट्रक में घुसी कार, चालक गंभीर
मछलीशहर। सिकरारा थाना क्षेत्र के आनापुर मोड़ के निकट खड़ी ट्रक में तेज रफ्तार कार घुस गई। गंभीर रुप से घायल कार चालक को जिला अस्पताल मं भर्ती कराया गया है। आजमगढ़ के मंगला शरीफ गांव निवासी सईद मोहम्मद अहमद (35) मध्यप्रदेश के ग्वालियर में रहकर व्यवसाय करता है। घर पर मां की तबीयत खराब होने की जानकारी के बाद अपनी निजी कार से घर जा रहे थे। बुधवार की भोर में जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर स्थित आनापुर मोड़ के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क के बगल गैस लदी ट्रक में घुस गई। आसपास के लोगों ने कार में फंसे युवक को बाहर निकाला और सीएचसी पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रोडवेज बस का अगला टायर फटा, बाल-बाल बचे यात्री
बदलापुर। थाना क्षेत्र के फत्तूपुर गांव स्थित राजमार्ग पर बुधवार को रोडवेज बस का अगला टायर फट गया। सभी यात्री बाल-बाल बच गए। जौनपुर डिपो की बस लखनऊ की तरफ से 38 सवारी लेकर वाराणसी की तरफ जा रही था। बस जैसे ही रेलवे क्रॉसिंग पार की अचानक अगला दाहिना टायर फट गया। घटना के समय बस की स्पीड काफी धीमी थी,अन्यथा बड़ा हादसा हो जाता। टायर फटने की आवाज सुनते ही यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। बस के परिचालक ने कुछ देर बाद दूसरी बस पर बैठाकर यात्रियों को भेजवाया।