मीरगंज। जंघई जंक्शन रेलवे पर ट्रेनों के ठहराव और गरियांव में अंडरपास बनवाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश सचिव ने स्टेशन अधीक्षक जंघई को 30 सूत्री मांगपत्र रेल मंत्री को भेजा। जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन तीन वाराणसी-प्रतापगढ़ रेलवे रूट पर स्थित है।मछलीशहर-भदोही एवं जौनपुर संसदीय क्षेत्र की सीमा जंघई से लगती है। यह जौनपुर जिले का बडा जंक्शन रेलवे स्टेशन है। इस स्टेशन से 20 करोड़ रुपये की वार्षिक आय होती है। 6 हजार से ज्यादा लोग प्रतिदिन यात्रा करते हैं। यहां 25 जोडी ट्रेनों का स्टापेज है। 16 जोड़ी ट्रेनें नहीं रुकती हैं। भारती किसान यूनियन के प्रदेश सचिव राजनाथ यादव ने रेलमंत्री को संबोधित पत्रक स्टेशन अधीक्षक को सौंपा। ट्रेनों के ठहराव की मांग की। उनका कहना है कि कई ट्रेनों का ठहराव होने पर जहां यात्रियों का धन एवं समय का बचत होगा, वहीं रेल विभाग की आय दोगुनी होगी। प्रयागराज एवं वाराणसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव कम होगा। जनसाधारण एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस, अर्चना एक्सप्रेस, महाकाल एक्सप्रेस, गंगा कावेरी, श्रद्धा सेतु एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस, गांधीनगर कैपिटल सुपरफास्ट शामिल हैं। जंघई प्रतापगढ़ रेल रूट पर जंघई निभापुर रेलवे स्टेशन के बीच बुढंसापुर गरियांव के पास रेल अंडरपास बनाया जाए। जंघई स्टेशन पर सुलभ शौचालय और प्लेटफार्म पर कोच संकेतक लगाने की भी मांग की। भारतीय किसान यूनियन प्रदेश सचिव राजनाथ यादव ने कार्यवाहक स्टेशन अधीक्षक मुरारी कुमार को ज्ञापन सौंपकर कहा कि अगर मांगों पर एक माह के अंदर विचार न किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर चंद्रमणि तिवारी, भाजपा नेता गिरजा शंकर, रजनीश सिंह, अभिमन्यु सिंह, आशीष कुमार सिंह, दिलीप कुमार सिंह, गंगा प्रसाद यादव आदि मौजूद रहे।