जिले में ब्लैक फंगस से दूसरी मौत हुई है। शहर से सटे हकारीपुर गांव निवासी वृद्ध (70) ने बीएचयू में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले सिंगरामऊ के एक युवक की मौत लखनऊ में हुई थी। कोरोना के बाद अब ब्लैक फंगस से मौत को लेकर जिले के लोग सहमे हुए हैं।
हकारीपुर निवासी लालजीत चौहान (70) को दो मई को सिर में तेज दर्द शुरू हुआ था। एक निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराने के बाद भी कोई राहत न मिलने पर परिजन वाराणसी ले गए। वहां 18 मई को उन्हें बीएचयू में भर्ती कराया गया। जांच में फंगल इंफेक्शन की पुष्टि हुई। बड़े पुत्र भैयालाल चौहान ने बताया कि उपचार के लिए इंजेक्शन की जरूरत थी, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी इसकी व्यवस्था नहीं हो सकी। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर एक आंख निकाल दिया। इसके बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। बुधवार की रात उनका निधन हो गया। लालजीत के छोटे पुत्र अनिल गांव के प्रधान हैं। जिले में इससे पहले सिंगरामऊ निवासी विवेक सिंह की ब्लैक फंगस से मौत हुई थी। उनका उपचार लखनऊ में चल रहा था।