4- शाहगंज बाजार में कोरोना के भय के चलते पसरा सन्नाटा व बंद दूकाने।
- फोटो : JAUNPUR
शाहगंज। आजमगढ़ रोड स्थित हुसैनगंज मोहल्ला निवासी व्यवसायी की कोरोना संक्रमण से मौत और परिवार व पड़ोस के दस लोगों के संक्रमित होने के बाद पूरे नगर में भय का माहौल है। कंटेनमेंट क्षेत्र से लोगों की बेधड़क आवाजाही संक्रमण का खतरा बनी है। उधर, प्रशासनिक अमला इससे बेपरवाह बना हुआ है। व्यापारी की मौत के बाद उसके परिवार के छह सदस्य संक्रमित मिले थे। सोमवार को आई रिपोर्ट में व्यापारी के घर काम करने वाली महिला के बेटे-बहू भी पॉजिटिव पाए गए। महिला की रिपोर्ट आनी बाकी है। वहीं उनके एक पड़ोसी के अलावा जौनपुर-शाहगंज मार्ग निवासी युवक भी संक्रमित मिला, उसका व्यापारी के घर आना-जाना था। व्यापारी की मौत के बाद डीएम के आदेश पर संबंधित क्षेत्र को महज खानापूर्ति कर सील किया गया। बैरीकेडिंग कर सील किए गए क्षेत्र में दुकानें तो बंद हैं, लेकिन लोगों की आवाजाही जारी है। लोग बाजार में घूम रहे हैं। एक परिवार के युवक के संक्रमित मिलने के बाद भी परिवार के सदस्य बेरोक टोक कोटे की दुकान पर लोगों से मिलते-जुलते रहे। कंटेनमेंट एरिया के ठीक बगल मिले संक्रमित दंपति को स्वास्थ्य विभाग ने कोविड19 हस्पिटल में भर्ती तो करा दिया, मगर सील किए गए क्षेत्र का दायरा नहीं बढ़ाया। सील क्षेत्र में बैंक आफ महाराष्ट्र की शाखा और बीमा कंपनी के फ्रेंचाइजी तथा फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में काम होता रहा। बैंक आफ महाराष्ट्रा के शाखा प्रबंधक दिलीप सिंह ने बताया कि बैंक अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन के निर्देशानुसार काम करने का निर्देश दिया है। एसडीएम राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि सील किए गए क्षेत्र को बढ़ाया जाएगा। पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। बैंक व कार्यालय खुले होने पर कहा कि इसके लिए उच्चाधिकारियों से बात कर ही कुछ कहा जा सकता है।