जौनपुर। जिले में लगातार पांचवें दिन भी कोरोना के नए केस की संख्या सौ के करीब रही। शुक्रवार को जिला अस्पताल के चिकित्सक, उनकी पत्नी व बेटा समेत 99 मरीज मिले हैं। शाहगंज के एसडीएम की रिपोर्ट भी एंटीजन किट से पॉजिटिव आई है। नए मरीजों में सर्वाधिक 17 केस शहर से ही हैं। अब एक्टिव केस की संख्या 603 हो गई है। शासन के निर्देशानुसार रोजाना सौ से अधिक केस और एक्टिव केस पांच सौ से अधिक होने पर नाइट कर्फ्यू लगाने का भी निर्देश है। हालांकि जिला प्रशासन ने इस पर कोई फैसला नहीं लिया है।
जिला अस्पताल में तैनात चिकित्सक ब्लड बैंक के प्रभारी भी हैं। पिछले दिनों ब्लड बैंक के तीन कर्मचारी पॉजिटिव मिले थे, जिसके बाद अन्य लोगों की जांच की गई थी। चिकित्सक के अलावा उनकी पत्नी व आठ वर्षीय बेटा भी कोरोना से संक्रमित हुए हैं। शहर के हुसैनाबाद, हरलालका रोड, हनुमान घाट, बलुआघाट, अहमद खां मंडी, रुहट्टा, हरखपुर, वाजिदपुर उत्तरी से भी नए मरीज पाए गए हैं। शाहगंज के एसडीएम ने सर्दी-खांसी, बुखार के लक्षण होने पर एंटीजन किट से जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उनका सैंपल आरटी-पीसीआर जांच के लिए भेजा गया है। सीएचसी रामनगर और सिरकोनी के दो-दो स्वास्थ्य कर्मी, कुल्हनामऊ निवासी दंपती, मछलीशहर में एक ही परिवार के तीन, करंजाकला में एक ही परिवार के पांच लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि नए 99 मरीजों में 45 आरटी पीसीआर, 52 एंटीजन किट और दो की जांच रिपोर्ट ट्रूनट से आई है। 540 मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है, जबकि 22 एमसीएच विंग में भर्ती हैं। वहीं जिले के 41 मरीज अन्य जिलों में भर्ती हैं।