जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के फजेहगंज बाजार के पास सोमवार की रात फतेहपुर से प्याज लेकर जौनपुर मंडी आ रहे डीसीएम चालक को स्कार्पियो सवार बदमाशों ने लूटने का प्रयास किया। संयोग से डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई और बदमाश फरार हो गए।
फतेहपुर जिले के फरियांव थाना क्षेत्र के बरहमपुर गांव निवासी डीसीएम चालक पिंटू साहू फतेहपुर से प्याज लादकर जौनपुर सब्जी मंडी आ रहा था। रात में 11 बजे वह फजेहगंज के पास पहुंचा था तभी पीछे से आए बिना नंबर की काली स्कार्पियो ने ओवरटेक कर डीसीएम को रोक लिया। पीड़ित चालक के मुताबिक स्कार्पियो से पांच बदमाशों ने असलहे के बल पर धमकाकर मोबाइल और गाड़ी की चाबी छीन ली। दो बदमाश गाड़ी में रुपये ढूंढने लगे। इसी बीच पुलिस की गाड़ी पहुंच गई तो बदमाश खेत के रास्ते फरार हो गए। जबकि स्कार्पियो बदमाशों के नीचे उतारने के तुरंत बाद आगे निकल गई थी। बदमाशों ने डीसीएम से चार बोरी प्याज भी नीचे गिरा दिया था। हालांकि सीओ सदर रणविजय सिंह ने इसी किसी घटना की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है।