खाना बनाते समय झुलसी विवाहिता की मौत
- सिलिंडर के पाइप में रिसाव से लगी थी आग
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मापुर। केराकत थाना अंतर्गत गांव मुरारा में रविवार को खाना बनाते समय गैस सिलिंडर के पाइप में रिसाव से लगी आग में झुलसकर विवाहिता की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मुरारा गांव निवासी सूरज गिरी का विवाह एक वर्ष पूर्व मटियारी गांव निवासी हेमा (24) के साथ हुआ था। रविवार को सुबहवह घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान सिलिंडर से चूल्हे को जोड़ने वाला पाइप में रिसाव के कारण आग लग गई। आग की लपटों में घिरी हेमा की चीख सुनकर परिजन पहुंचे। काफी प्रयासों के बाद जब तक आग बुझाया जाता, हेमा गंभीर रुप से झुलस गई थी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर मायके से पिता रामसेवक गिरी भी पहुंच गए। उन्होंने बताया कि सुबह भी बेटी से बात हुई थी। घर में सब सामान्य था। परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे। इस बीच किसी ने सूचना सीओ अजय कुमार श्रीवास्तव को दे दी। सीओ के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी बिंद कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। कोतवाली ने बताया कि अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है।
---
पेड़ से गिरकर युवक की मौत
मुंगराबादशाहपुर। पंवारा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में रविवार की सुबह पेड़ से गिरकर मजदूर की मौत हो गई। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मधुपुर गांव निवासी दिनेश कुमार पटेल (35) रविवार को जगदीशपुर गांव में मजदूरी के लिए आया था। वह जामुन के पेड़ पर चढ़कर डालियां काट रहा था। अचानक डाली टूटने से वह जमीन पर गिर पड़ा। ग्रामीण उसे अस्पताल ले गए, जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।