फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jaunpur News: पेड़ से टकराने के बाद स्कूल वैन पलटी, दूसरे को गाड़ी चलाना सिखा रहा था चालक

विज्ञापन
टूटी स्कूल वैन का शीशा। संवाद
विज्ञापन
बेलवार स्थित एसएस पब्लिक स्कूल की वैन बुधवार की सुबह 8.30 बजे पढ़ुआ बेलवार मोड़ के पास सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में एक शिक्षिका, चालक और 12 बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सुजानगंज पहुंचाया। घायल छात्र अभि यादव (5) की हालत गंभीर होने पर उसे पुलिस की गाड़ी से प्रयागराज भेजा गया। वहीं वैन में सवार शिक्षिका संध्या यादव और छात्रा श्रेजा यादव की हालत गंभीर होने पर चिकित्साधिकारी डॉ. पुनीत कश्यप ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं चालक अरुण कुमार गौतम का ड्राइविंग लाइसेंस को निलंबित कर दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन का फिटनेस 2014 से ही फेल है।
विज्ञापन

बीएसए समीर ने बताया कि चालक की लापरवाही से दुर्घटना हुई है। वह दूसरे लड़के को गाड़ी चलाना सिखा रहा था, तभी वैन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। 8 से 10 बच्चों की क्षमता वाले वैन में 20 बच्चे सवार थे। वैन में सवार छात्र-छात्राएं शिवरिया, बालामऊ और कुंदहा गांवों के थे। वे वैन से विद्यालय जा रहे थे। थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, स्कूल प्रबंधक संतोष पटेल ने बताया कि चालक की लापरवाही से घटना हुई है।

थानाध्यक्ष ने अपनी गाड़ी से अभि को प्रयागराज भेजा
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से घायल अभि की हालत गंभीर बताए जाने के बाद थानाध्यक्ष ने अपनी गाड़ी से उसे प्रयागराज भिजवाया। एंबुलेंस का इंतजार नहीं किया। थानाध्यक्ष का कहना था कि एंबुलेंस उसे जौनपुर जिला अस्पताल ले जाती, जिसकी दूरी काफी अधिक हैं। त्वरित इलाज के लिए यह कदम उठाया गया।
विज्ञापन


सीटों के बीच फंस गए थे बच्चे
स्कूल वैन पलटने पर बच्चे चीखने लगे। कई बच्चे सीटों के बीच फंस गए। किसी का बस्ता वैन के बाहर जा गिरा, किसी की कॉपी-किताबें और पानी की बोतलें गिर गईं। मासूमों की रोने और बचाने की आवाजें सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वैन के शीशे तोड़कर एक-एक कर बच्चों को बाहर निकाला। कई बच्चे सदमे में थे। कोई मासूम रोते हुए अपने मम्मी-पापा को पुकार रहा था। वहीं छोटे बच्चों को ग्रामीणों ने गोद में उठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ग्रामीणों ने इतनी तेजी नहीं दिखाई होती तो अनहोनी भी हो सकती थी। वहीं, हादसे के बाद अभिभावकों ने आरोप लगाया कि निजी विद्यालयों के वाहनों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया और निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया गया। उन्होंने स्कूल वाहनों की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

हादसे ये हुए घायल
शिक्षिका संध्या, चालक अरूण, श्रेजा यादव (11) कक्षा 4, अक्षरा यादव (10) कक्षा 3, अनन्या यादव (7) यूकेजी, सान्वी यादव (6) एलकेजी, सुहानी (13) कक्षा 6, उन्नति (13) कक्षा 7, उन्नति यादव (13) कक्षा 7, आयुषी यादव (12) कक्षा 4 समेत 14 लोग घायल हुए। सूचना मिलते ही अभिभावक अस्पताल और घटनास्थल पहुंच गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों को खतरे से बाहर बताया।


जांच के दौरान बंद मिला स्कूल
बीएसए समीर ने बताया कि विद्यालय जूनियर हाईस्कूल तक है। यहां 350 विद्यार्थी हैं और पांच स्कूली वाहन हैं। जांच के दौरान स्कूल बंद मिला और मौके पर वाहन नहीं मिले, जिस वाहन से दुर्घटना हुई है वह स्कूल वाहन के रूप में चलाने के लिए अनुमन्य नहीं है। गाड़ी में क्षमता से दोगुने विद्यार्थियों को बैठाया गया था। चालक बेलवार जमालपट्टी निवासी चालक अरुण गौतम बच्चों को बैठाने के साथ ही किसी दूसरे लड़के को भी गाड़ी सिखा रहा था। लापरवाही के कारण यह घटना हुई। हालांकि गंभीर रूप से घायल छात्र अब खतरे से बाहर है। संबंधित दोषी पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन
चालक अरुण कुमार गौतम का ड्राइविंग लाइसेंस को निलंबित कर दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन का फिटनेस 2014 से ही फेल है। गाड़ी प्रतापगढ़ की है, जिसके चलते वहां आरसी कैंसिल करने के लिए सूचना भेज दी गई है। जांच में यह भी पता चला कि संबंधित स्कूल ने पत्र भेजने के बाद भी गाड़ी से जुड़ी जानकारी नहीं दी थी।- अजीत सिंह, एआरटीओ
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें