जलालपुर/बदलापुर। कोरोना के तीन नए मरीजों के संपर्क में आए तीस लोगों का सैंपल बुधवार को जांच के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान में भेजा गया है। हॉट स्पॉट घोषित जलालपुर के ओइना गांव में घर-घर सर्वे हो रहा है। गांव के एक किमी के दायरे में कुल साढ़े 11 हजार की आबादी का सर्वे किया जाएगा। इसके लिए 10 टीमें लगाई गई हैं। पहले हदन 5895 लोगों की जांच पूरी हुई। उधर, बदलापुर में सर्वे का कार्य फिलहाल स्थगित रखा गया है। संक्रमित दोनों मरीजों के गांव न पहुंच पाने के कारण इसे हॉट स्पॉट भी नहीं बनाया गया है। ऐहतियात के तौर पर सतर्कता बरती जा रही है।
मुंबई के कांदीवली से 24 अप्रैल को बदलापुर आए नौ मजदूरों में से दो की रिपोर्ट मंगलवार को कोरोना पॉजीटिव आई। इसके अलावा वाराणसी के चेतगंज से जलालपुर के ओइना गांव स्थित घर आए एक शख्स में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके बाद ही प्रशासन ने तीनों मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री खंगालनी शुरू कर दी थी। ओइना गांव निवासी कोरोना मरीज घर आने के बाद परिवार वालों के तो संपर्क में आया ही, वह एक पान की दुकान और गेहूं रखने के लिए बोरे की खरीदारी के लिए किराने की दुकान तक भी गया था। लिहाजा स्वास्थ्य विभाग ने उसके परिवार में मां, पत्नी, बच्चा, पड़ोसी और दोनों दुकानदारों समेत दस लोगों का सैंपल लिया है। सभी को मंगलवार की देर शाम ही गांव के नेहरुनगर सीएचसी ले जाकर सैंपल लिया गया था। बुधवार को सभी सैंपल जांच को भेज दिए गए। सुबह से ही गांव में स्वास्थ्य टीमों ने घर-घर भ्रमण कर स्वास्थ्य का सर्वे शुरू किया। डिप्टी सीएमओ डॉ. आरके सिंह, जलालपुर सीएचसी के अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार सिंह, बीडीओ प्रवीण तिवारी, एसओ पन्नेलाल भी गांव में मौजूद रहे। अधीक्षक ने बताया कि ओइना गांव में 269 घर हैं। इसके एक किमी के दायरे में आने वाले कुल 11785 परिवारों को सर्वे के लिए चिह्नित किया गया है। स्वास्थ्य टीम प्रत्येक व्यक्ति के स्वास्थ्य संबंधी रिकार्ड जुटाएगी। जिनमें सर्दी, खांसी के लक्षण मिलेंगे, उनका ब्योरा अलग रखा जाएगा। उधर, बदलापुर सीएचसी के अधीक्षक डॉ. संजय दुबे ने बताया कि दोनों मरीजों को गांव में पहुंचने से पहले ही रोक दिया गया था, जिससे गांव में वायरस पहुंचने की आशंका नहीं है। मरीज के परिजनों के क्वारंटीन सेंटर में मिलने आने की बात सामने आई है। लिहाजा उनके सैंपल लिए गए हैं। कुल 20 लोगों का सैंपल जांच को भेजा गया है। इनमें पांच स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल हैं।
देवरिया में 90 दिन तक चलेगा सर्वे
बदलापुर। क्षेत्र के हॉट स्पॉट देवरिया गांव में स्वास्थ्य विभाग की कड़ी निगरानी है। यहां पिछले 20 दिनों से भले ही कोई नया मामला नहीं आया है, लेकिन पूरा ऐहतियात बरता जा रहा है। पूर्व के सर्वे में सब कुछ ठीक मिलने के बाद भी गुुरुवार से तीन दिन के अंतराल पर नब्बे दिन तक स्वास्थ्य विभाग की 18 टीम डोर टू डोर सर्वे कर एक-एक व्यक्ति के बारे में जानकारी लेगी। सीएचसी नौपेड़वा के अधीक्षक डॉ. आरके पटेल ने बताया कि एक टीम को एक दिन में 50 घरों का सर्वे करना होगा। स्वास्थ्य सर्वे का यह कार्य एक किमी परिक्षेत्र के लेदुका सहित देवरिया गांव के 1236 घरों तक चलेगा।
ग्राम प्रधान पुत्र सम्मानित
बदलापुर। कोरोना संक्रमण रोकने को लेकर सतर्कता दिखाने के लिए डीएम ने करनपुर की ग्राम प्रधान हीरावती देवी के पुत्र अजय कुमार जायसवाल को सम्मानित किया। अजय की कोशिशों का ही असर था कि 23 की रात मुंबई से आए नौ लोग गांव में नहीं घुस सके। उन्हें बाहर से ही क्वारंटीन सेंटर पहुंचा दिया गया था। प्रधान पुत्र की सक्रियता से बाहर से आने वाले लोग गांव में नहीं पहुंच सके, जिससे गांव में संक्रमण का खतरा कम हो गया है। डीएम ने उनकी प्रशंसा करते हुए सम्मानित किया और अन्य प्रधानों को भऋी ऐसी ही सजगता दिखाने की अपील की।