शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) का पेपर लीक होने के कारण रविवार को परीक्षा रद्द कर दी गई। इससे बहुत से अभ्यर्थियों के चेहरे पर खुशी दिखी तो बहुतों के चेहरे पर मायूसी देखी गई। उधर, साल्व पेपर सुबह आठ बजते-बजते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। जो साल्व पेपर पा गए थे वो पहले तो काफी खुश नजर आ रहे थे, लेकिन उन्हें जब पेपर लीक होने के कारण परीक्षा रद्द होने की जानकारी मिली तो उनके चेहरे पर मायूसी छा गई। जिन परीक्षार्थियों को पेपर नहीं मिल पाया था, वे काफी खुश नजर आए।
शिक्षक पात्रता परीक्षा रविवार को दो पालियों में आयोजित थी। इसमें पहली पाली में 68 केंद्रों पर 41 हजार 996 और दूसरी पाली में 44 केंद्रों पर 28 हजार 146 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। इसके लिए अभ्यर्थी दिन-रात एक करके तैयारी में जुटे थे। इस बीच रविवार को सुबह आठ बजते-बजते सोशल मीडिया पर साल्व पेपर तेजी से वायरल हो गया। हालांकि ज्यादातर अभ्यर्थियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया, लेकिन सुबह नौ बजते-बजते पेपर लीक होने की चर्चा ने जोर पकड़ लिया। इसकी जानकारी होने पर अभ्यर्थी निर्धारित केंद्रों पर अपने मोबाइल पर साल्व पेपर देखते नजर गए। उधर, परीक्षा हाल में परीक्षार्थी बैठ गए और उन्हें बुकलेट और ओएमआर सीट वितरित करके भरा भी दिया गया था। इसी बीच अचानक अधिकारियों ने परीक्षा रद्द होने की जानकारी संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को दी। इसके बाद आनन-फानन में परीक्षक परीक्षार्थियों से बिना बताए पेपर लेने लग लए। इसका परीक्षार्थियों ने विरोध करते हुए कई सेंटरों पर हंगामा भी किया। हालांकि बुकलेट लेने के बाद उन्हें पेपर लीक होने के कारण परीक्षा रद्द होने की जानकारी सुबह 10.40 बजे दे दी गई। इसके बाद अभ्यर्थी निराश होकर केंद्र से बाहर आने लगे।