जौनपुर। जिले के इंदिरा गांधी स्टेडियम में पहली बार सिंथेटिक रनिंग ट्रैक पर खिलाड़ी दौड़ेंगे। यह पूर्वांचल में वाराणसी के बाद दूसरा जिला होगा जहां खिलाड़ियों के लिए सिंथैटिक ट्रैक तैयार किया जाएगा। इसके लिए शासन स्तर ने 25 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड को दी गई है।
परियोजना के तहत स्टेडियम में स्वीमिंग पुल, मल्टी पर्पस हाॅल भी बनाया जाएगा। इससे यहां पर प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताएं शुरू हो जाएंगी। खेल विभाग की ओर से इस काम को कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। 400 मीटर के सिंथेटिक रनिंग ट्रैक की लागत 8 करोड़ 95 लाख आठ हजार रुपये है। इसके लिए प्रथम किस्त के रूप में चार करोड़ 32 लाख 96 हजार खेल विभाग को प्राप्त हुए हैं। इसी सप्ताह काम शुरू होगा।
4.87 करोड़ से बनेगा स्वीमिंग पुल
स्वीमिंग पुल का निर्माण चार करोड़ 87 लाख 42 हजार रुपये से होगा। पहले चरण में दो करोड़ 43 लाख 71 हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं। यह 25 मीटर लंबा व 25 मीटर चौड़ा दो प्रकार का होगा। इसमें एक की गहराई 90 सेंटीमीटर होगी, जिसमें नए तैराक व बच्चे सीखेंगे तो दूसरा दो मीटर गहरा होगा। दो मीटर गहरे स्वीमिंग पुल में प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी।
10 करोड़ से बनेगा बहुउद्देश्यीय हाल
बहुउद्देश्यीय हॉल का निर्माण भारत सरकार के खेलो इंडिया के तहत कराया जा रहा है। इसके लिए 10 करोड़ का बजट स्वीकृत है। 25 फीसदी धनराशि 2.39 करोड़ स्वीकृत हो गई है। इसकी लंबाई 20 फीट लंबी व 40 फीट चौड़ी होगी। इसमें इनडोर स्टेडियम में खेले जाने वाले हर खेल जैसे बैडमिंटन, जूड़ो, कराटे, तलवारबाजी, कबड्डी आदि खेल होंगे।
इंदिरा गांधी स्टेडियम में सिंथेटिक रनिंग ट्रैक का निर्माण किया जाएगा। निर्माण की जिम्मेदारी यूपीपीसीएल को दी गई है। इस सप्ताह से निर्माण कार्य शुरू होगा। - अतुल्य सिन्हा, जिला क्रीडा अधिकारी।
30जेएनडी25: सदर थाना में पहुंचा डेरे का मालिक व अन्य किसान। संवाद
30जेएनडी25: सदर थाना में पहुंचा डेरे का मालिक व अन्य किसान। संवाद
30जेएनडी25: सदर थाना में पहुंचा डेरे का मालिक व अन्य किसान। संवाद