जलालपुर। ऐतिहासिक त्रिलोचन महादेव मंदिर का शनिवार दोपहर करीब 1.30 बजे डीएम डॉ. दिनेश चंद, पुलिस अधीक्षक डा. कौस्तुभ, सीडीओ धुरु खड़िया व अन्य अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस दौरान कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक कर समस्याओं की जानकारी भी ली। इस दौरान डीएम और एसपी ने मंदिर में दर्शन पूजन करने आए श्रद्धालुओं में 200 रुद्राक्ष के पौधे बांटे।सबसे पहले अधिकारियों ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किए। सभी कमियों को दुरुस्त करने का संबंधित अधिकारियों कर्मचारियों को निर्देश दिया। डीएम ने सीडीओ और डीपीआरओ को मंदिर परिसर की साफ-सफाई सावन माह भर कराते रहने के लिए कहा। प्रभारी चिकित्साधिकारी डाॅ. आलोक सिंह को मंदिर परिसर में स्टाल लगाने की बात कही। बिजली निगम को मेला परिसर में लटक रहे विद्युत तारों को टाइट करने का निर्देश दिया। एसपी ने सीओ और थाना प्रभारी को गोताखोर की व्यवस्था करें और वाॅकी टॉकी व ड्रोन कैमरा लगाकर पूरे मेला परिसर की निगरानी कराना सुनिश्चित करने को कहा। माला-फूल छोड़ कर सभी दुकानों को मंदिर परिसर से बाहर विद्यालय परिसर में लगवाने के लिए कहा। एसडीएम ने प्रधान और सेक्रेटरी को विद्यालय परिसर में मिट्टी डलवा कर समतल करने का निर्देश दिया ताकि जमा पानी सूख जाए। इससे पूर्व डीएम और एसपी ने 200 रुद्राक्ष का पौधा मंदिर पर दर्शन पूजन करने आए श्रद्धालुओं को बांटा।
गौरीशंकर धाम की व्यवस्थाओं का लिया जायजा-बरईपार। सुजानगंज स्थित गौरी शंकर धाम में सावन की भीड़ को देखते हुए शनिवार को एसडीएम मछलीशहर कुमार सौरभ और सीओ बदलापुर विवेक कुमार सिंह ने सुरक्षा का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर प्रबंधक सचिव सुधीर तिवारी से बातचीत की और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। एसडीएम ने निर्देश दिए कि मंदिर प्रांगण की नियमित सफाई और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं। इसके अलावा, बिजली, पानी और शौचालय की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया। सुरक्षा के लिए पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। क्षेत्राधिकार विवेक कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की पूरी व्यवस्था की गई है महिला पुरुषों के लिए अलग-अलग लाइन लगवाई गई है ताकि भीड़ होने पर किसी को समस्या ना हो। बिजली निगम ने पोल पर प्लास्टिक चिपकाने को कहा जिससे किसी को करंट ना लगे और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया जा सके।