16- मछलीशहर में ट्रक से टक्कर के बाद छतिग्रस्त रोडवेज बस।
- फोटो : JAUNPUR
मछलीशहर। जौनपुर-रायबरेली हाइवे पर मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के निकामुद्दीनपुर गांव के पास सोमवार को भोर में करीब तीन बजे एक रोडवेज बस पहले से खड़े ट्रक से टकरा गई। बस चालक समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रात में प्रयागराज से सवारी लेकर रोडवेज की बस शहडोल के लिए रवाना हुई थी। बस भोर में करीब तीन बजे मछलीशहर के निकामुद्दीनपुर के पास पहुंची थी तभी पहले से सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बस चालक कौशलपति तिवारी (40) निवासी खजूरी थाना लालगंज जिला प्रतापगढ़ तथा आगे की सीट पर बैठे शहडोल निवासी आशुतोष पांडेय (34) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बस में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। उसमें सवार यात्रियों को दूसरी बस से आगे के लिए रवाना किया गया।