पीली नदी कीे बाढ़ में साइकल सवार के बहने के बाद जुटी भीड़।
बदलापुर थाना क्षेत्र के बदलापुर खुर्द गांव के निकट पीली नदी के चकरहियवा घाट के पास सोमवार को दोपहर रपटापुल से नदी पार करते समय साइकल सवार युवक नदी की तेज धारा में बह गया।
उसकी साइकल तो मिल गई पर युवक का पता नहीं चला। उसकी तलाश के लिए गोताखोर लगाए गए हैं। यहां रपटापुल के ऊपर से पानी बह रहा है। युवक साइकल से पुल को पार करना चाह रहा था तभी तेज धारा के चलते उसका संतुलन बिगड़ गया और साइकल समेत नदी में बह गया। खबर लिखे जाने तक गोताखोरों की मदद से नदी में युवक की तलाश की जा रही। मौके पर पुलिस प्रशासन के साथ ग्रामीणों की भीड़ जमा है।
पीली नदी के चकरहियवा घाट पर रपटापुल बना है। पुल पर कोई रोलिंग नहीं है। इधर बीच कई दिनों से हो रही बारिश के चलते नदी का जलस्तर बढ़ गया और पानी का बहाव भी तेज हो गया है। पुल से घुटने भर ऊपर से पानी बह रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार को दिन में करीब 12 बजे साइकल सवार युवक मिरशादपुर की तरफ से नदी पार कर बदलापुर खुर्द की तरफ जा रहा था। रपटापुल के ऊपर से बह रहे पानी से होकर वह साइकल के साथ नदी पार करना चाह रहा था। बीच पुल पर पहुंची था तभी पानी के तेज बहाव के चलते उसका संतुलन बिगड़ गया और वह साइकल समेत नदी की तेज धारा में बहने लगा।
इसी दौरान बलुआ निवासी विनोद यादव बाइक से घर जा रहा था। उसने युवक को नदी की तेज धारा में बहते देख शोर मचाया तो गांव के लोग भी दौड़कर पहुंच गए। युवक को बचाने के लिए गांव के कुछ युवकों ने नदी में छलांग लगा दी लेकिन युवक का पता नहीं चला। अलबत्ता उसकी साइकल और उसके हैंडल में लटका झोला नदी से बाहर निकाल लिया गया।
झोले में शर्ट और पैंट का कपड़ा और चप्पल था। नदी में डूबे युवक का नाम पता अभी नहीं चल सका है। घटना की खबर मिलते ही एसडीएम डा. केएस पांडेय मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने जिलाधिकारी को घटना की जानकारी दी और गोताखोर बुलाने की मांग की। मौके पर पहुंचे गोताखोरों की मदद से नदी में युवक की तलाश की जा रही है। खबर लिखो जाने तक युवक का पता नहीं चल सका है। मौके पर पुलिस के अलावा ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा है।