समाधान दिवस के मौके पर शनिवार को डीआईजी एसके भगत ने जलालपुर थाने में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने पुराने प्रार्थना पत्रों पर हुई कार्रवाई का भी सत्यापन किया।
निर्देश दिया कि राजस्व से संबंधित विवादों को निस्तारित करने के लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों और पुलिस की साझा टीम बनाकर मौके पर भेजी जाए।
जलालपुर संवाददाता के मुताबिक डीआईजी ने पुराने प्रार्थना पत्रों पर हुई कार्रवाई का भी सत्यापन किया। छह दिसंबर को आयोजित समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देने वाले रामधनी को डीआईजी ने फोन कर उनकी समस्या पूछी।
उन्होंने पूछा कि क्या उनकी समस्या का निस्तारण हो गया तो जवाब मिला की नहीं। इस पर डीआईजी ने उन्हें आश्वस्त किया कि वह घर पर ही इंतजार करें पुलिस और राजस्व विभाग की टीम कुछ देर बाद उनके यहां पहुंचेगी।
उन्होंने थानाध्यक्ष को निर्देशित किया कि वह आज ही टीम को मौके पर भेजकर समस्या का निस्तारण कराएं। इसी तारीख को पड़े विजय कुमार के प्रार्थना पत्र की जांच की तो पता चला कि उस पर भी अभी तक कोई कार्रवाई
नहीं की गई। इस पर डीआईजी ने नाराजगी जताई। लेखपाल को निर्देश दिया कि वह पुलिस की टीम के साथ मौके पर जाएं और विवाद को खत्म कराएं। वह समाधान दिवस पर आए फरियादियों से रूबरू हुए।
गुरुवार की रात पराऊगंज बाजार में मोबाइल की दुकान से हुई चोरी का खुलासा करने के लिए थानाध्यक्ष को निर्देश दिया। जफराबाद: डीआईजी ने जफराबाद थाने का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने थाने के अभिलेखों की जांच की। परिसर में हो रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष जताया। उनके साथ जिलाधिकारी सुहास एलवाई भी मौजूद थे।