बदलापुर। सीएमओ डॉ राकेश कुमार ने कार्य में शिथिलता एवं लापरवाही के आरोप में दो डॉक्टर सहित पांच स्वास्थ्य कर्मचारियों के दिसंबर माह के वेतन पर रोक लगा दी है। विधायक रमेशचन्द्र मिश्र ने 25 दिसंबर को जिले में समीक्षा बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री से इस बात की शिकायत की थी कि विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नाभीपुर तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जमऊपट्टी पर चिकित्सक व अन्य कर्मचारी नहीं आते हैं । जिससे इलाज को लेकर मरीजों को भटकना पड़ता है। प्रभारी मंत्री ने प्रकरण की जांच सीएमओ को सौंपी। सीएमओ ने सीएचसी बदलापुर के अधीक्षक डॉ संजय दुबे से आकस्मिक जांच कराया। 26 दिसंबर की जांच में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नाभीपुर पर तैनात चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेन्द्र प्रसाद तथा फार्मासिस्ट श्रीराम यादव, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जमऊपट्टी पर तैनात चिकित्सक डॉ सर्वेश, फार्मासिस्ट चन्दन तथा स्वीपर कुन्ने अली अनुपस्थित पाए गये थे।