मीरगंज। मछलीशहर से वाराणसी जा रही एनएच 731 बी के लिए जंघई में हो रहे बाईपास निर्माण के लिए रोडा बन रहे मकान मालिकों को शीघ्र मकान हटाने का निर्देश उप जिलाधिकारी हंडिया ने दिया। मछलीशहर से वाराणसी जा रही एनएच 731बी का निर्माण नवंबर 2023 से शुरू कराया गया है। जंघई में बाईपास का निर्माण कराया जा रहा है। 29 जून को चौका मोड पर लगभग 500 मीटर तक बुलडोजर चलाकर मकान ध्वस्तीकरण किया गया था, लेकिन प्रयागराज की सीमा में पड़ने वाले इलाके के कुछ मकान मालिक अपना मकान हटा नहीं रहे हैं, इससे निर्माण में विलंब हो रहा है। बुधवार को एनएच के अवर अभियंता ओपी प्रसाद व स्वास्तिक कंट्रक्शन कंपनी के मैनेजर अनिल राय एसडीएम हंडिया रावेंद्र कुमार सिंह के साथ प्रयागराज के चौका गांव पहुंचे। वहां एसडीएम हंडिया ने मकान मालिकों से बातचीत की तथा जल्द मकान हटा लेने का निर्देश दिया। इस मौके पर कुछ ग्रामीण समय बढ़ाने की मांग भी करते रहे, लेकिन एसडीएम ने जल्दी जगह खाली करने का निर्देश दिया। इस दौरान उनके साथ राजस्व कर्मी मौजूद रहे। एनएचआई के अधिशासी अभियंता डीपी सिंह ने बताया कि जो अपना मकान नहीं हटा रहे थे, उन्हें एसडीएम ने चार दिन का समय और दिया है। इसके बाद सभी मकान ध्वस्त करा दिए जाएंगे।