प्रदेश के नगर विकास, ऊर्जा एवं जनपद प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने मंगलवार को प्रशासनिक समन्वय समिति एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में बरसात, श्रावण मास की कांवड़ यात्रा और विभिन्न विकास परियोजनाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों पर कहीं भी लटकते बिजली के तार नहीं होने चाहिए। साथ ही वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए।
उन्होंने नगर निकायों को जलभराव रोकने के लिए नालों-नालियों की नियमित सफाई कराने तथा संचारी रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक स्वच्छता अभियान, फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। कांवड़ यात्रियों के लिए मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया। प्रभारी मंत्री ने विद्युत विभाग को कांवड़ मार्गों पर बिजली लाइनों और पोलों का निरीक्षण कर सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने उप कृषि निदेशक से उर्वरकों की उपलब्धता की जानकारी ली तथा पशुपालन विभाग को सभी पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को नहरों के टेल तक पर्याप्त पानी पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने को भी कहा।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने चिकित्सकों की कमी वाले स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कार्यदायी संस्थाओं को विकास एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की हिदायत दी।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न जनसमस्याएं उठाईं, जिन पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
बैठक में विधायक डॉ. आर.के. पटेल, पूर्व विधायक हरेंद्र प्रसाद सिंह, महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन., पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।