गरीब परिवार की बेटियों को हाथ पिले करने के लिए सरकारी मदद मिलना अब और आसान होगा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का लाभ लेने के लिए लोग घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इससे उन्हें विभाग का भी चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। अब तक 55 लाभार्थियों ने आवेदन कर दिया है। 250 जोड़े के लिए एक करोड़ 27 लाख 50 हजार शासन से स्वीकृति हो गए हैं।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाली बेटियों के हाथ पीले करने के लिए कुल 51 हजार रुपये का अनुदान दिया जाता है। लाभार्थियों की शादी होने पर 35 हजार रुपये उनके सीधे खाते में भेजा जाता है। वहीं, 10 हजार रुपये कीमत के सामान वर-वधू को दिए जाते हैं। छह हजार रुपये खाने पर खर्च किया जाता है। मुख्यमंत्री योजना के लाभ लेने के लिए आवेदकों को ऑफलाइन आवेदन करना होता था। इसमें जरूरतमंद लोगों को अधिकारियों के चक्कर काटने के लिए विवश होना पड़ता था। ऑफलाइन आवेदन में पात्र को अपात्र और अपात्र को पात्र बनाने के आरोप भी लगते रहे। लेकिन ऑनलाइन आवेदन होने से इसमें गड़बड़ी की आशंका नहीं होगी। अब तक 55 लाभार्थियों ने विभागीय पोर्टल पर आवेदन कर दिया है।
आवेदन के लिए यह जरूरी
वर व कन्या का आधार कार्ड। एक फोटो, वर व कन्या का जाति व आय प्रमाण पत्र। कन्या के बैंक खाते का विवरण। निवास परिवार के मुखिया का आय प्रमाणपत्र आदि होना जरूरी है।
शासन ने इस बार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को ऑनलाइन किया है। इस प्रक्रिया से गरीब बेटियों के हाथ पीले करने में सरकारी मदद करना आसान होगी। पोर्टल शुरू कर दिया गया है। अब तक 55 लोगों ने आवेदन भी कर दिया है। - नीरज पटेल, समाज कल्याण अधिकारी