फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jaunpur News: रीजनिंग और गणित के सवालों ने उलझाया, हिंदी साहित्य भी रहा पेचीदा

विज्ञापन
सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी। स्रोत-सूचना विभाग - फोटो : Samvad
विज्ञापन
मल्हनी। आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 सोमवार से जिले में शुरू हो गई। पहले दिन की परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र के स्तर पर विस्तृत चर्चा की। अभ्यर्थियों के अनुसार, तर्कशक्ति (रीजनिंग), गणित और हिंदी साहित्य से जुड़े प्रश्न काफी चुनौतीपूर्ण रहे। हालांकि, कुल मिलाकर प्रश्नपत्र का स्तर मध्यम दर्ज किया गया।
विज्ञापन

परीक्षा केंद्रों के बाहर परीक्षार्थी पेपर में पूछे गए सवालों का विश्लेषण करते सुने गए। अभ्यर्थियों का कहना था कि तर्कशक्ति खंड में बैठक व्यवस्था , सांकेतिक भाषा, दिशा ज्ञान और दर्पण प्रतिबिंब से संबंधित प्रश्नों को हल करने में काफी समय लगा। वहीं, गणित में लाभ-हानि तथा श्रेणी में लुप्त संख्या ज्ञात करने वाले प्रश्न भी काफी कठिन रहे। समसामयिक घटनाक्रम से जुड़े कई प्रश्न सामान्य तैयारी के दायरे से अलग थे, जिससे उन्हें हल करने में परेशानी हुई। हिंदी विषय में व्याकरण की तुलना में साहित्य से जुड़े प्रश्न सबसे अधिक पेचीदा रहे। इसके अलावा विज्ञान और सामान्य अध्ययन के कुछ प्रश्न भी उम्मीद से ज्यादा जटिल थे। अभ्यर्थियों का मानना है कि इस वर्ष चयन की न्यूनतम अंक सीमा (कट-ऑफ) पिछले वर्ष की तुलना में कुछ अधिक जा सकती है।
तर्कशक्ति के प्रश्न काफी घुमावदार थे। दर्पण प्रतिबिंब, दिशा ज्ञान और सांकेतिक भाषा से जुड़े प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को उलझाया। समसामयिक घटनाक्रम की बेहतर तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को इस परीक्षा में निश्चित रूप से लाभ मिला होगा। सुनील प्रजापति, अभ्यर्थी (देवरिया)
विज्ञापन

परीक्षा का स्तर इस बार मध्यम रहा, लेकिन गणित के लाभ-हानि और लुप्त संख्या से जुड़े सवालों को हल करने में काफी समय लगा। हिंदी साहित्य से जुड़े प्रश्न भी अपेक्षाकृत कठिन रहे।— पवन चौहान, अभ्यर्थी (मऊ)
गणित की अच्छी तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा अपेक्षाकृत आसान रही। समसामयिक घटनाक्रम और गणित, दोनों ही विषय चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस बार चयन सूची (मेरिट) का स्तर बढ़ने की उम्मीद है।- रिंकू कुमार, अभ्यर्थी (लखीसराय)
हिंदी साहित्य के प्रश्नों ने अधिकांश अभ्यर्थियों को परेशान किया। तर्कशक्ति के प्रश्न ऐसे थे जिन्हें हल करने के लिए नियमित अभ्यास की आवश्यकता थी। जिन अभ्यर्थियों का अभ्यास अच्छा था, उन्हें इसका लाभ मिला होगा। साकेत कुमार, अभ्यर्थी (पटना)

डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
जौनपुर। डीएम सैमुअल पॉल एन ने एसपी कुंवर अनुपम सिंह के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का निरीक्षण किया। सकुशल, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से परीक्षा संपन्न कराने के लिए टीडी इंटर कॉलेज केंद्र का निरीक्षण किया। केंद्र पर अभ्यर्थियों की बैठने व्यवस्था, सीसी टीवी कैमरे, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रवेश प्रक्रिया का जायजा लिया। डीएम ने केंद्र व्यवस्थापक को निर्देश दिया किया कि परीक्षा को शासन की मंशा के अनुरूप शुचिता के साथ संपन्न कराई जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाए। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं ड्यूटी में तैनात कर्मियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्र के आसपास सतत निगरानी की जाए। अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें