जौनपुर। मुख्तार अंसारी के संरक्षण में मछली का अवैध कारोबार कर करोड़ों की संपत्ति बनाने के आरोप में गिरफ्तार रवींद्र निषाद की बृहस्पतिवार को भी एक करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई। इसमें एक जोगियापुर में स्थित 96 लाख की कीमत का मकान और एक फोर्ड गाड़ी शामिल है। डीएम के आदेश पर सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी ने डुगडुगी पिटवाकर दोनों पर कुर्की की नोटिस चस्पा कर दी। इसके पूर्व भी रवींद्र की 3.71 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
तीन जुलाई की रात शहर कोतवाली पुलिस ने जोेगियापुर से एक ट्रक मछली बरामद की थी। मौके से रवींद्र निषाद और उसके आंध्र प्रदेश निवासी साथी को गिरफ्तार किया था। छानबीन के बाद पुलिस ने दावा किया कि रवींद्र बिना लाइसेंस के मछली का अवैध कारोबार माफिया मुख्तार अंसारी के संरक्षण में करता आ रहा है। उसके विरुद्ध गैंगेस्टर की कार्रवाई की गई थी, जिसके आधार पर डीएम ने संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया था। गत रविवार को जोगियापुर में ही स्थित रवींद्र निषाद के निर्माणाधीन शॉपिंग मॉल सहित 3.71 करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई थी। पुलिस की छानबीन में रवींद्र के नाम जोगियापुर में ही 96 लाख की कीमत का एक और मकान व छह लाख मूल्य की कार होने की जानकारी हुई। पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने उसे भी कुर्क करने का आदेश दिया था। बृहस्पतिवार की दोपहर में सिटी मजिस्ट्रेट सहदेव मिश्र, सीओ सिटी सुुशील कुमार सिंह ने भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर कुर्की की कार्रवाई की। नोटिस चस्पा करते हुए आसपास के लोगों को यह बताया गया कि अब यह संपत्ति प्रशासन के अधीन है। डीएम ने सदर तहसीलदार को इसका प्रशासक नियुक्त किया है।