जौनपुर। कोरोना का संक्रमण जिले में दिनोदिन भयावह रुप लेता जा रहा है। सदर एसडीएम के बाद बृहस्पतिवार को सदर सीओ भी कोरोना पॉजिटिव हो गए। मछलीशहर सीएचसी के अधीक्षक की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कुल 43 नए केस में अधिकांश शहरी क्षेत्र के हैं। हनुमानघाट मोहल्ले में एक ही परिवार के दस और वाजिदपुर में आठ लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं। एक केस अंबेडकर चौराहा और एक टीबी अस्पताल रोड का है। जिले मेंकोरोना पॉजिटिव की संख्या 806 हो गई है। इनमें 11 मरीजों की मौत हुई है। बृहस्पतिवार को 39 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। अब कुल एक्टिव केस 197 रह गया है।
रामपुर थाने के माध्यम से पुलिस विभाग में कोरोना का संक्रमण तेज हुआ था। इस थाने के 16 सिपाहियों के पॉजिटिव मिलने के बाद सभी थानों के स्टाफ और पुलिस अधिकारियों के सैंपल लेकर जांच कराए जा रहे हैं। सदर सीओ ने भी जिला अस्पताल के ट्रूनट मशीन में सैंपल देकर जांच कराई थी। बृहस्पतिवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सदर एसडीएम दो दिन पहले ही कोरोना संक्रमित हो गए थे। सीओ के भी बीमार होने के बाद शुक्रवार को उनके कार्यालय को बंद रखकर सैनिटाइजेशन कराने के निर्देश दिए गए हैं। उधर, कोरोना जांच और मरीजों की पहचान के लिए विभिन्न अभियानों में सक्रिय रहे मछलीशहर सीएचसी के अधीक्षक की रिपोर्ट भी ट्रूनट मशीन में पॉजिटिव आई है। उन्हें रेहटी में एल-2 श्रेणी के अस्पताल भर्ती कराया गया है।
अधीक्षक के पॉजिटिव होने के बाद दिन में मछलीशहर सीएचसी की ओपीडी को ठप कर दिया गया है। पूरे परिसर में दवा का छिड़काव कराया गया। धर्मापुर ब्लाक के गजना कोड्डा गांव में आठ जुलाई को मिले कोरोना मरीज के संपर्क में आए पांच लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुंबई से आए जलालपुर के कोठना ओइना निवासी तीन, मड़ियाहूं के कुंभी ओकलपुर निवासी एक व्यक्ति में कोरोना की पुष्टि हुई है। रामपुर में रैंडम सैंपलिंग के दौरान एक स्थानीय संक्रमित मिला है। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को 307 सैंपल के रिजल्ट आए, जिसमें 43 पॉजिटिव हैं। अभियान चलाकर 540 नए सैंपल लिए गए। इसे मिलाकर अब तक कुल 19681 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इसमें 16465 की रिपोर्ट आ चुकी है।
शहर के हनुमानघाट में 10, वाजिदपुर में आठ मरीज मिले
जौनपुर। कोरोना का संक्रमण जिले में तेजी से भले फैल रहा था। बृहस्पतिवार को आई रिपोर्ट में ज्यादातर मरीज शहर के ही हैं। शाही पुल से सटे हनुमानघाट क्षेत्र में सराफा का काम करने वाले एक व्यक्ति में 9 जुलाई को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके बाद 10 जुलाई को परिवार व संपर्क में आए अन्य लोगों को सैंपल लिया गया। इसमें दस की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं वाजिदपुर इलाके में भी चार जुलाई को संक्रमित पाए गए व्यक्ति के संपर्क में आए आठ लोग पॉजिटिव मिले हैं। अंबेडकर चौराहा निवासी एक युवक को सर्दी-खांसी बुखार होने पर सैंपल लिया गया था और टीबी अस्पताल रोड निवासी युवक का टेस्ट एंटीजन टेस्ट किट से किया गया था। दोनों पॉजिटिव पाए गए हैं। डीएम ने बताया कि हनुमानघाट को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए वहां शुक्रवार से दोबारा घर-घर जांच कराई जाएगी। संदिग्ध लोगों को मौके पर ही रैपिड टेस्ट कर रिपोर्ट बताया जाएगा। सीआरओ को इसका नोडल बनाया गया है।