रक्षाबंधन का त्योहार 30 अगस्त को मनाया जाएगा। इसकी झलक डाक विभाग में भी दिखाई पड़ रही है। इस बार डाक विभाग राखी भेजने के लिए वाटरप्रूफ डिजाइनर लिफाफे बेच रहा है, जिसका मूल्य मात्र 10 रुपये है। अब बहनें वाटरप्रूफ डिजाइनर लिफाफे में डाक से राखी भेज रही हैं। जिले के एक मुख्य डाकघर व 53 उप डाकघरों में वाटरप्रूफ डिजाइनर राखी के लिफाफे की बिक्री हो रही है। अब तक 480 लिफाफों की बिक्री हो चुकी है। डाकघर में लिफाफे 15 अगस्त तक प्राप्त हो गए थे, इसकी बिक्री 16 अगस्त से की जा रही है।
-
क्या खास है डिजाइनर लिफाफे में
ये डिजाइनर राखी लिफाफे वाटरप्रूफ व सुरक्षा की दृष्टि से मजबूत हैं, बारिश के मौसम में भी बहनों द्वारा भेजी गई राखियां सुदूर रहने वाले भाइयों तक सुरक्षित पहुंच सकें इसके लिए 11 सेमी चौड़ा व 22 सेमी लंबे आकार के लिफाफों का मूल्य मात्र 10 रुपये है। डाक शुल्क इसके अतिरिक्त है। वाटरप्रूफ लिफाफे के बाएं हिस्से के ऊपरी भाग में भारतीय डाक का लोगो और रक्षाबंधन की डिजाइन के साथ अंग्रेजी में राखी लिफाफा और नीचे दाहिने तरफ ''हैप्पी राखी'' लिखा गया है। यह रंगीन और डिजाइनदार होने की वजह से इन्हें अन्य डाक से अलग करने में समय की बचत और रक्षाबंधन पर्व के पूर्व वितरण कराने में भी सहूलियत होगी।