क्षेत्र के इजरी और ताला मझवारा गांव में शुक्रवार की रात सेंध लगाकर दो घरों में घुसे चोर नकदी और लाखों रुपये गहने समेत अन्य सामान समेट ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में खलबली मच गई। पीड़ितों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लगा।
इजरी गांव निवासी रमाशंकर रात में खाना खाकर घर के बाहर बरामदे में सो गए। घर की महिलाएं जब भोर में उठीं तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। सेंध लगाकर घर में घुसे चोर दो बाक्श का ताला तोड़कर तीस हजार रुपये नकद, कर्णफूल, एक अंगूठी, एक जोड़ी झुमका, एक जोड़ी पायल और चांदी की एक सिकड़ी आदि ले गए। इसी तरह ताला मझवारा गांव में आशीष चौबे की किराना की दुकान में सेंध लगाकर चोर 12 सौ नगदी और सामान समेट ले गए। थानाध्यक्ष जलालपुर रामसरीख गौतम ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। फिर भी जांच कराई जा रही है।