सिंगरामऊ। राजा हरपाल सिंह महाविद्यालय को ‘अप्रेंटिसशिप एंबेडेड डिग्री प्रोग्राम’ के संचालन के लिए शासन से मंजूरी मिल गई है। अनुदानित (एडेड) महाविद्यालयों की सूची में जनपद जौनपुर से इस विशेष योजना के लिए चयनित होने वाला यह पहला महाविद्यालय है।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद आगामी सत्र से बीकॉम (बीआईएफएस) पाठ्यक्रम प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को दो वर्षों तक नियमित कक्षाओं के माध्यम से अध्ययन कराया जाएगा, जबकि तीसरे वर्ष में उन्हें अनिवार्य रूप से अप्रेंटिसशिप (प्रशिक्षण) कराई जाएगी।
इस प्रशिक्षण अवधि के दौरान विद्यार्थियों को सरकार की ओर से 12,000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड (भत्ता) भी प्रदान किया जाएगा। साथ ही, प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद छात्रों के लिए रोजगार के सीधे अवसर उपलब्ध होने की प्रबल संभावना है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार सिंह ने बताया कि इस पाठ्यक्रम के लिए कुल 60 सीटें उपलब्ध हैं, जिन पर इच्छुक छात्र-छात्राएं शीघ्र ही प्रवेश ले सकते हैं। संवाद