मीरगंज। जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन पर लगा जनरेटर 24 दिन से खराब पड़ा होने के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। शाम होते स्टेशन पर अंधेरा फैल जाता है। जिससे यात्री अपनी सुरक्षा को लेकर खासे चिंतित रहते हैं। खास कर रात में आने वाली ट्रेनों से सफर करने वाले लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। जंघई स्टेशन को ए श्रेणी का दर्जा का मिला है। स्टेशन की इनकम 25 करोड़ है। यहां हजारों यात्रियों का आवागमन रोजाना होता है लेकिन स्टेशन पर सुविधाओं का टोटा है। समस्याओं का निस्तारण त्वरित नहीं हो पाता इसी कारण 24 दिन पहले खराब जनरेटर अभी ठीक नही किया जा सका है। वाराणसी-प्रतापगढ रेलवे रूट पर स्थित जंघई रेलवे स्टेशन पर यात्री प्रयागराज, जौनपुर, आजमगढ़ और गाजीपुर जाने के लिए ट्रेन बदलते हैं। पिछले दो सितंबर से जंघई स्टेशन जनरेटर खराब पड़ा हुआ है। जिससे पेयजल आपूर्ति भी बाधित है। जंघई क्षेत्र को मिलने वाली बिजली व्यवस्था भी ठीक नही है। यहां से रात में रत्नागिरी एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, सुहेलदेव एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ, एकात्मा एक्सप्रेस, गाजीपुर बान्द्रा एक्सप्रेस, आजमगढ़ एक्सप्रेस, ओखा एक्सप्रेस, एजे पैसेंजर, बीएल पैसेंजर ट्रेन से जंघई स्टेशन पर उतरते और चढ़ते हैं। अंधेरा होने के कारण लोगों को ट्रेन में चढ़ने उतरने में दिक्कत हो रही है। वही चोर उचक्कों का भय भी बना हुआ है। चम्पापुर निवासी भाजपा नेता आकाश दुबे ने रेल मंत्री व भारत सरकार को कई बार ट्वीट करके शिकायत किया लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजनाथ यादव का कहना है कि यदि लाइट की व्यवस्था नहीं ठीक की गई तो किसान यूनियन शीघ्र जंघई रेलवे स्टेशन पर धरना प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगा। लखनऊ रेल मंडल के सीनियर डीपीओ मुकेश बहादुर सिंह ने बताया की विद्युत से संबंधित अधिकारियों को जनरेटर ठीक कराने का निर्देश दिया गया है।