पूर्व सांसद उमाकांत यादव के नटौली गांव स्थित आवास पर बुधवार को आजमगढ़ और शाहगंज पुलिस ने संयुक्त रूप से छापा मारा। पुलिस घर के अंदर तलाशी की हिम्मत नहीं जुटा पाई लेकिन धारा 82 की नोटिस आवास पर चस्पा करने
के बाद लौट गई। शाहगंज कस्बे में 22 मई की शाम जगदीश सोनकर के साथ मारपीट हो गई थी। आरोप है कि जगदीश को कुछ लोग उठा ले गए थे। इस मामले में जगदीश ने पूर्व सांसद उमाकांत यादव, उनके पुत्र दिनेश कांत,
रविकांत और चालक अरविंद यादव के खिलाफ अपहरण, प्राणघातक हमला, बलवा, मारपीट और धमकी सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराया था। लेकिन जगदीश ने 24 जुलाई को शपथ पत्र देकर उमाकांत, दिनेशकांत और रविकांत के
घटना में शामिल नहीं होने की बात कही और डीएम, एसपी को इस आशय का लिखित प्रार्थना पत्र भी दिया। पूर्व सांसद उमाकांत का आरोप है कि एक मंत्री के दबाव में पुलिस ने हलफनामे को विवेचना में शामिल नहीं किया और एकतरफा कार्रवाई करते हुए 82 की नोटिस चस्पा किया है।