उदयीपुर दीपी गांव के लोगों ने वार्षिक आय के लिए किए गए सर्वेक्षण में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को ब्लाक कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया।
गुस्साए लोगों ने आरोप लगाया कि कोटेदार को राशन कार्ड पर परिवार के मुखिया की वार्षिक आय दर्शाने के लिए जो सूची सौंपी गई है, उसमें भारी गड़बड़ियां हैं।
शुक्रवार को सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण ब्लाक मुख्यालय पर पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। नेतृत्व कर रहे राम जियावन ने आरोप लगाया कि राशन कार्ड पर मुखिया की वार्षिक आय दर्शाने के लिए कोटेदार को जो सूची सौंपी गई है, उसमें
बीपीएल, अन्नपूर्णा, अंत्योदय और जाबकार्ड धारकों की आय भी दो लाख से अधिक दिखा दी गई है। जबकि कई संपन्न परिवारों को श्रमिक की श्रेणी में रखा गया है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह लापरवाही का परिचायक है।
उन्होंने सूची को निरस्त कर दूसरी सूची बनाने और सर्वेक्षण कर्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही आरोप लगाया कि सर्वेक्षण का काम घर पर बैठकर निपटा लिया गया।
प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन करने वालों में उर्मिला देवी, मनभावती, निर्मला, विमला, सावित्री आदि रहे।