खेल प्रमाण पत्र न मिलने से नाराज पूर्वांचल विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में डीएम कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। 50 से अधिक की संख्या में पहुंचे खिलाड़ियों ने जिलाधिकारी को पत्रक सौंप कर खेल प्रमाण पत्र दिलाने की मांग की। गाजीपुर में होने वाली सेना भर्ती से पहले प्रमाण पत्र न दिए जाने पर बड़े आंदोलन की भी चेतावनी दी।
50 से अधिक की संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचे पूर्वांचल विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने डीएम भानुचंद्र गोस्वामी को बताया कि उन लोगों ने गत दिसंबर में 23 से 28 तारीख के बीच पंजाब विश्वविद्यालय पटियाला में आयोजित एथलेटिक्स गेम में पूविवि की ओर से हिस्सा लिया था। खेल में कई खिलाड़ी जीत कर वहां से मेडल लाए थे।
ढाई महीने बीत गए, लेकिन अब तक उन्हें खेल प्रमाण पत्र नहीं दिया गया। खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि
विवि प्रशासन की उदासीनता के कारण उन्हें खेल प्रमाण पत्र मिलने में देरी हो रही है।
खिलाड़ियों ने कहा कि जिस विश्वविद्यालय में खेल के लिए दूसरे विश्वविद्यालय के खिलाड़ी जाते हैं तो वहां से खेल प्रमाण पत्र संबंधित विश्वविद्यालय को भेजे जाते हैं। पंजाब विश्वविद्यालय से खेल प्रमाण पत्र पूविवि को जारी कराने की जिम्मेदारी है।
खिलाड़ियों ने यह भी कहा कि 13 फरवरी से शुरू हो रही सेना भर्ती से पहले अगर उन्हें प्रमाण पत्र मिल जाता तो उन्हें सेना भर्ती में वेटेज का लाभ मिल जाता। बिना खेल प्रमाण पत्र के उनका कैरियर चौपट हो सकता है। जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि वह कुलपति से बातकर शीघ्र प्रमाण पत्र जारी कराएंगे। डीएम के आश्वासन पर खिलाड़ियों का आक्रोश शांत हुआ। प्रदर्शन करने वालों में संतोष यादव, अजय कुमार, गोविंद सरोज, भागवत निषाद कृष्णानंद, अजय कुमार, वीर सिंह, शैलेष, मेराज अहमद, जमील अब्बास समेत अन्य छात्र मौजूद थे।