दिल्ली में रिकार्ड जीत मिलते ही यहां आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जश्न में डूब गए। खुशी से निहाल हुए कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटीं और गुलाल उड़ाए। आप कार्यकर्ताओं ने पूरे दिन नाचते-गाते शहर में भ्रमण किया और लोगों को मिठाइयां खिलाईं।
जिला संयोजक डा. अनुराग मिश्र के नेतृत्व में जीत का जश्न मनाने के लिए निकले आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने पार्टी को रिकार्ड मतों से जीत दिलाने के लिए दिल्ली के मतदाताओं को बधाई दी।
डा. मिश्र ने कहा कि दिल्लीवासियों ने असत्य पर सत्य और अवसरवादिता पर ईमानदारी की जीत के लिए अरविंद केजरीवाल और उनके प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयश्री दिलवाई है। इसके लिए जौनपुर के कार्यकर्ता उन्हें सलाम करते हैं। आप की यह जीत दिल्ली के रास्ते देशभर में पहुंचेगी।
जुलूस की शक्ल में निकले आप कार्यकर्ताओं ने नाचते-गाते जिला कार्यालय से निकलकर जेसीज चौराहा, टीडी कालेज, लाइन बाजार, कलेक्ट्रेट तिराहा, जोगियापुर होते हुए ओलंदगंज पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान जनता ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर डा. वीपी सिंह यादव, ठाकुर प्रसाद राय, शरदेंदु चतुर्वेदी, सोम कुमार वर्मा, एमवी मिश्रा, अजय यादव, मो. रिजवान, बबलू गुप्ता, अमित तिवारी, आशीष यादव, प्रदीप मिश्रा, प्रेमलाल शर्मा, राजेश अस्थाना, सूर्य नारायण सिंह आदि मौजूद रहे।
शाहगंज: दिल्ली की जीत पर नगर के मिल्लतनगर में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े के साथ जश्न मनाया। साथ ही एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की मुबारकबाद दी। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष मो. गालिब शेख, आलम खान, एबाद शेख, बकार अहमद, अफजल, संजय सिंह, दानिश आदि मौजूद थे।