वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालय में एलएलबी, बीए एलएलबी ऑनर्स, बीए एलएलबी के छात्रों को इसी सत्र से नए कानून की पढ़ाई करने का मौका मिलेगा। इसे लेकर बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने पत्र भी जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय को मिले पत्र के आधार पर छात्रों की पढ़ाई की प्रोफार्मा को तैयार किया जा रहा है।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही महाविद्यालयों को भी पत्र जारी करने की तैयारी की जा रही है। नए पाठ्यक्रम को इसी सत्र में लागू करने के लिए विधि संकाय में बोर्ड ऑफ स्टडीज की बैठक बुलाकर इसका निर्णय जल्द लिया जाएगा। इसके बाद विद्या परिषद और कार्य परिषद के बीच मामला जाने के बाद इस पर अंतिम मुहर लगेगी।
विश्वविद्यालय में विधि विभाग में पाठ्यक्रम तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसे लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। माना जा रहा है कि अगस्त के महीने में बोर्ड ऑफ स्टडीज से मोहर लगने के बाद, विद्या परिषद के समक्ष मामला रखा जाएगा। पूर्वांचल विश्वविद्यालय में विधि के बीए एलएलबी ऑनर्स के चार वर्षीय पाठ्यक्रम संचालित हो रहे हैं। इस पाठ्यक्रम को मिलाकर तकरीबन 200 से अधिक विद्यार्थी यहां कानून की पढ़ाई कर रहे हैं।
विश्वविद्यालय के अलावा गाजीपुर और जौनपुर के कई महाविद्यालयों में विधि की पढ़ाई हो रही है। जहां पर एलएलबी, एलएलएम का कोर्स चलता है। क्रिमिनल लॉ ग्रुप में आईपीसी की पढ़ाई की जाती थी, लेकिन अब बीएनएस की पढ़ाई की जाएगी। इसके अलावा बीए एलएलबी, बीए एलएलबी ऑनर्स के सभी सेमेस्टर के पाठ्यक्रम में भी बदलाव किया जाएगा। आईपीसी की जगह भारतीय न्याय संहिता की पढ़ाई होगी।