करंजाकला। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 10 अलग-अलग विभागों के सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पीयूकैट (पूर्वांचल यूनिवर्सिटी कंपाइंड एडमिशन टेस्ट) जून महीने में होगी। इसके लिए विश्वविद्यालय में छात्रों का डाटा तैयार किया जा रहा है। इस परीक्षा में करीब 2500 से अधिक छात्र शामिल होंगे।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में साइंस, कामर्स, बीएएलएलबी, मास काॅम समेत करीब 40 विषयों का संचालन हो रहा है। इस सभी विषयों के 60-60 सीटों पर प्रवेश लिया जाना है। जून महीने में प्रवेश परीक्षा कराकर जुलाई महीने में प्रवेश प्रक्रिया पूरा कराने की तैयारी चल रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने तय किया है कि जिस भी पाठ्यक्रम में छात्रों की संख्या कम होगी उसमें उन्हें सीधे प्रवेश मिलेगा। वहीं, जिन पाठ्यक्रम में छात्रों की संख्या ज्यादा है उन्हें प्रवेश परीक्षा जून महीने में आयोजित कराई जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक करीब 2500 से ज्यादा छात्र इस पीयू कैट की परीक्षा में भाग लेंगे। इसके लिए छात्रों का डाटा विश्वविद्यालय आशा से तैयार किया जा रहा है तथा परीक्षा के पेपर भी बनाए जा रहे हैं। उन्हें रैंक के आधार पर भी प्रवेश मिलेगा।
जुलाई में पूरी होगी दाखिला प्रकिया
विश्वविद्यालय के प्रवेश परीक्षा प्रभारी डॉ. रजनीश भास्कर ने कहा कि प्रवेश परीक्षाएं जून में पूरी करने के बाद जुलाई में दाखिलों की प्रक्रिया को पूरा कर दिया जाएगा। यूजीसी गाइडलाइन के चलते इस बार जुलाई में ही यह दाखिलों की प्रकिया पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी कोर्स के लिए प्रवेश परीक्षाओं की फीस नियमानुसार ही रहेगी। हालांकि विशेष वर्गाें के लिए फीस में नियमानुसार छूट मिलेगी।