Jaunpur News: जौनपुर में पशु को बचाने के चक्कर में एक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई। हादसे में बाइक चला रहे पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कर्मचारी की मौत हो गई।
जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के देवकली गांव के पास बुधवार रात सड़क हादसे में मोटरसाइकिल चालक संतोष कुमार पांडेय (53) की मौत हो गई। वह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर स्थित केंद्रीय पुस्तकालय में कार्यरत थे।
विज्ञापन
वाराणसी जनपद के छिरिया लखमीपुर गांव निवासी अवनीश पांडेय ने बृहस्पतिवार को सरायख्वाजा थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनके पिता संतोष कुमार पांडेय (53) पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर स्थित केंद्रीय पुस्तकालय में कार्यरत थे। बुधवार शाम करीब 7 बजे वह मोटरसाइकिल से सब्जी खरीदकर अपने कमरे पर वापस लौट रहे थे।
वह जैसे ही जौनपुर–शाहगंज मार्ग पर स्थित देवकली गांव के समीप पावर हाउस के पास पहुंचे, अचानक सड़क पर एक पशु आ गया। उसे बचाने के प्रयास में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी होने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डायल 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
विज्ञापन
एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।