जौनपुर। पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान की रविवार को शुरुआत हुई। जिला महिला अस्पताल में डीएम मनीष कुमार वर्मा ने नौनिहाल को दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की। पहले दिन जिले के 1924 बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई गई। सोमवार से डोर-टू-डोर अभियान शुरू होगा।
अभियान में 0-5 वर्ष के 669450 बच्चों को पोलियो ड्राप देने का लक्ष्य रखा गया है। पहले दिन 1924 बूथों पर 5772 बूथ वैक्सीनेटर लगे रहे। छूटे बच्चों को एक से 8 फरवरी (4, 5 फरवरी कोविड टीकाकरण को छोड़कर) तक 1230 टीमें कुल 724559 घरों तक पहुंचकर 0-5 वर्ष के बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी। जिला महिला चिकित्सालय में उद्घाटन मौके पर सीएमओ डॉ. राकेश कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नरेंद्र सिंह, एसीएमओ डॉ. एसएन हरिश्चंद्र, डॉ. आईएन तिवारी, डॉ. संदीप सिंह, डॉ. अभिजीत, गुरुदीप, डीएमसी यूनिसेफ, सलील यादव, राजबहादुर सिंह आदि उपस्थित रहे।