बक्शा क्षेत्र के चुरावनपुर गांव में आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में आये मरीजों का इलाज करते ?
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में रविवार को 497 लोगों के गोल्डन कार्ड बनाए गए। मेले में सबसे अधिक त्वचा के रोगी पहुंचे। डीएम मनीष कुमार वर्मा और सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने धर्मापुर ब्लाक के रामपुर जमीन पीएचसी का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए।
मेले के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. एसपी मिश्रा ने बताया कि जिले के 76 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें से 73 ग्रामीण और तीन शहर क्षेत्र के थे। मेले में कुल 4280 लोगों के स्वास्थ्य की जांच हुई। इसमें से 1522 पुरुष और 2049 महिलाएं और 709 बच्चे थे। मेले में 304 सांस के रोगी, 308 मधुमेह, 541 त्वचा, 365 पेट के, 221 हाइपर टेंशन, 136 एनीमिया, 67 लीवर, 9 टीबी के संभावित, 165 गर्भवती, 45 हेपेटाइटिस, 135 नेत्र रोगियों तथा 1998 अन्य रोगों के मरीज शामिल थे। जांच कर उन्हें सलाह और दवाएं मुफ्त में दी गईं। इस दौरान 496 लोगों के गोल्डन कार्ड बनाए गए जबकि 809 लोगों का एंटीजन टेस्ट हुआ। जांच में कोई कोरोना पॉजिटिव रोगी नहीं मिला। आंख के 110 और ईएनटी के तीन रोगी हायर सेंटर रेफर किए गए। आंख की सर्जरी के 25, स्त्री रोग के 3 और अन्य के 6 रोगी भी सर्जरी के लिए हायर सेंटर रेफर किए गए। सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि केंद्रों पर कैंप लगा कर लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड की सुविधा प्रदान की जाएगी।