जौनपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 181 केंद्रों की अनंतिम सूची जारी कर दी है। केंद्र निर्धारण से संबंधित आपत्तियां 28 अक्तूबर तक दर्ज कराई जा सकेंगी। छह नवंबर तक आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से तहसील स्तरीय समिति द्वारा प्रमाणित विद्यालयों की आधारभूत सूचनाओं के आधार पर ऑनलाइन चयनित केंद्रों की सूची परिषद की वेबसाइट पर अपलोड की गई है। जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के परीक्षण और अनुमोदन के लिए सूची जारी की गई है। विद्यालयों को केंद्र बनाए जाने या सूची में शामिल नहीं किए जाने से संबंधित आपत्तियां पोर्टल पर दर्ज कराने का मौका दिया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ऑनलाइन चयनित और चयनित नहीं किए गए केंद्रों के संबंध में आपत्तियां 28 अक्तूबर तक माध्यमिक शिक्षा परिषद के पोर्टल पर स्वीकार की जाएंगी। प्राप्त आपत्तियों का परीक्षण कर उनका निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद जनपदीय समिति से अनुमोदित आख्या छह नवंबर तक परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन भेजी जाएगी। डीआईओएस ने बताया कि केंद्र निर्धारण में विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं, विद्यार्थियों के बैठने की क्षमता, सीसीटीवी कैमरों और परीक्षा से जुड़े अन्य मानकों को प्राथमिकता दी गई है। छात्रों की संख्या में कमी आने के कारण इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या भी घटाई गई है। बीते वर्ष हाईस्कूल में 77,042 और इंटरमीडिएट में 77,080 समेत कुल 1,54,122 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। वर्ष 2026 की परीक्षा के लिए जिले में 206 केंद्र बनाए गए थे। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, आगामी बोर्ड परीक्षाएं पांच फरवरी से शुरू होकर 24 फरवरी चलेगी।