फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जुमे की नमाज के बाद जुलूस निकाल किया विरोध-प्रदर्शन, पथराव

विज्ञापन
11- जुमे की नमाज के बाद एनआरसी के विरोध में जौनपुर के कोतवाली चौराहे पर प्रदर्शन करते मुस्लिम समुदा - फोटो : JAUNPUR
विज्ञापन
जौनपुर। राष्ट्रीय नागरिक पंजीकरण (एनआरसी) और नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में शुक्रवार को शहर के लोग सड़क पर आ गए। जुमे की नमाज के बाद बड़ी मस्जिद और अटाला मस्जिद से निषेधाज्ञा को धताबताते हुए जुलूस निकाला। अलग-अलग क्षेत्रों से निकला जुलूस कोतवाली के पास आकर मिल गया। कई जगहों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों में नोकझोंक हुई। खानका मुहल्ले में कुछ शरारती तत्वों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें शहर कोतवाल पवन उपाध्याय व एक कांस्टेबल को चोटें आईं। कोतवाल ने 14 नामजद और 125 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।
विज्ञापन

एनआरसी और सीएए के विरोध में देश भर में हो रहे आंदोलनों को देखते हुए पुलिस-प्रशासन सुबह से ही सतर्क था। पुलिस ने शाही पुल के दूसरी तरफ कोतवाली, चहारसू चौराहा, सब्जी मंडी आदि क्षेत्रों की दुकानें बंद करा दी थी। धार्मिक व सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस-पीएसी के जवानों की तैनाती की गई थी। दोपहर करीब एक बजे जुमे की नमाज हुई। नमाज खत्म होने के कुछ ही देर बाद बड़ी मस्जिद और अटाला मस्जिद से एनआरसी और सीएए के खिलाफ नारे लगते हुए जुलूस निकाले गए और जो कोतवाली चौराहे पर मिल गए। निषेधाज्ञा को दरकिनार कर प्रदर्शनकारियों का जुलुस सब्जी मंडी, सुतहट्टी होते हुए अटाला मस्जिद पहुंचा, जहां प्रदर्शन किया गया। यहां से प्रदर्शनकारी शाही किला होते हुए चहारसू चौराहे से होकर कोतवाली पहुंचे। जुलूस के मल्हनी रोड पर खानका के पास पहुंचने पर कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव करना सुरू कर दिया। एक पत्थर शहर कोतवाल पवन उपाध्य्य के बाएं हाथ पर लगा जबकि दूसरा एक कांस्टेबल को। पथराव के बाद भगदड़ मच गई। बवाल की सूचना पर डीएम दिनेश कुमार सिंह और एसपी अशोक कुमार भी पीएसी के साथ पहुंच गए। अफसरों ने भीड़ को समझा बुझाकर घर भेज दिया। पुलिस ने चार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एहतियातन शहर के कई मोहल्लों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।
मौलाना की बात को दरकिनार कर सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारी
जौनपुर। जुमे की नमाज के बाद सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारियों ने मस्जिद में मौलाना की बात को भी दरकिनार कर दिया। दोपहर एक बजे जुमे की नमाज खत्म हुई तो बड़ी मस्जिद में मौलाना जफर अहमद ने माइक से एलान किया कि मस्जिद से निकलकर सभी लोग शांतिपूर्वक अपने-अपने घर जाएंगे। कोई प्रदर्शन नहीं करेगा। यही बात अटाला मस्जिद में मौलाना फारुक रब्बानी ने भी कही। कई बुजुर्गों ने भी लोगों को समझाया, लेकिन भीड़ में शामिल अधिसंख्य युवा बाहर आते ही बेकाबू हो गए। भीड़ से सरकार विरोधी नारे लगने लगे। इस बीच कांग्रेस नेता शकील अहमद सरीखे कई वरिष्ठ लोगों ने नारे लगा रहे लोगों को रोकने का प्रयास किया तो प्रदर्शनकारी उनसे ही उलझ गए। देखते ही देखते हजारों की संख्या में भीड़ सड़क पर आ गई। नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारी सड़क पर चलते रहे और प्रदर्शनकारियों के आगे पीछे भारी फोर्स के साथ एसपी और डीएम पैदल चल रहे थे।
विज्ञापन

प्रशासन को थी प्रदर्शन की सूचना
जौनपुर। जिला प्रशासन को पहले से ही खुफिया रिपोर्ट थी कि जुमा के नमाज के बाद शहर में विरोध प्रदर्शन हो सकता है। नमाज के बाद सड़क पर पहुंचते ही प्रदर्शनकारी जिस तरह से बायकाट सीएए-एनआरसी, कीप एनआरसी बैक जैसे स्लोगन लिखे बैनर और तख्तियां हवा में लहराने लगे। शहर को चार सेक्टर में बांटा गया था। शहर में पहले से ही धारा 144 लागू कर दी गई थी। प्रदर्शनकारियों ने निषेधाज्ञा को तोड़ते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने निषेधाज्ञा जरूर तोड़ी लेकिन अनुशासन का भी परिचय दिया। खानका के पास शरारती तत्वों ने पथराव कर माहौल खराब करने की कोशिश की लेकिन स्थिति संभल गई। सड़क पर चल रही हजारों की भीड़ ने आम लोगों की सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा। जुलूस जब कोतवाली से सब्जी मंडी की तरफ गुजर रहा था तो भीड़ में फंसी महिलाओं, बच्चों और ई रिक्शा में सवार बुजुर्गों के लिए जुलूस में शामिल लोगों ने रास्ता बनाया। प्रशासन ने भी संयम से काम लिया। प्रदर्शनकारियों को कहीं रोकने- टोकने की कोशिश नहीं की गई।
जुमा की नमाज के बाद विरोध प्रदर्शन के खुफिया इनपुट मिले थे। इसके लिए पहले से ही सुरक्षा की तैयारी कर ली गई थी। लोग शांति पूर्वक प्रदर्शन कर चले गए। इस प्रदर्शन से कहीं कोई जनधन की हानि नहीं हुई है। -दिनेश कुमार सिंह, डीएम।
प्रदर्शन के दौरान खानका मोहल्ले में कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर माहौल को बिगाडने की कोशिश की है। पथराव में शहर कोतवाल को हल्की चोट आई है। पथराव करने वाले शरारती तत्वों की तलाश की जा रही है। उनके खिलाफ कर्रवाई की जाएगी। -अशोक कुमार, एसपी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें