जौनपुर। डीएम मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नियंत्रक प्राधिकरण क्षेत्र संबंधी बोर्ड की बैठक हुई। इसमें जौनपुर को विकास प्राधिकरण बनाने पर चर्चा की गई। विभिन्न बिंदुओं पर मंथन के बाद जौनपुर विकास प्राधिकरण का अनुमोदन करते हुए शासन को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया है। शीघ्र ही शासन को प्रस्ताव जाएगा। अंतिम फैसला वहीं से होगा।
बैठक में डीएम ने विनियमित क्षेत्र में हो रहे कार्यों के बारे में भी जानकारी ली। कहा कि सभी 233 राजस्व गांव में बिना नक्शा पास कराए, बिजली का कनेक्शन, पानी, गृह कर रजिस्ट्रेशन सहित नगर पालिका की ओर से दी जाने वाली सुविधाओं का लाभ नहीं दिया जाएगा। इसके लिए डीएम ने नगर मजिस्ट्रेट, जेई एवं लेखपाल की कमेटी को जिम्मेदारी सौंपी। कहा कि लेखपाल के गांव में अगर कोई अवैध निर्माण करता है तो उसकी जिम्मेदारी तय की जाएगी । इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष माया टंडन, नगर मजिस्ट्रेट अनिल अग्निहोत्री, जेई रोहन यादव आदि मौजूद रहे।