जौनपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में विभिन्न पदों के लिए 27988 उम्मीदवार मैदान में हैं। सबसे ज्यादा 12052 उम्मीदवार ग्राम प्रधान पद के हैं तो बीडीसी सदस्य पदों के लिए 9669 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। जिला पंचायत सदस्य की सिर्फ 83 सीटों के लिए 1272 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए कुल सीटों के सापेक्ष एक चौथाई उम्मीदवार भी नहीं है।
पहले चरण के चुनाव के लिए 3-4 अप्रैल को नामांकन हुआ था। इसके बाद 5-6 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच और सात अप्रैल को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हुई थी। विभिन्न पदों के लिए प्रत्याशियों की संख्या अधिक होने से ब्लाकों में कुल उम्मीदवारों का ब्योरा तैयार करने में कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। अब चुनाव मैदान में शेष बच्चे उम्मीदवारों की तस्वीर साफ हुई है। करीब 35 लाख मतदाता इनकी तकदीर का फैसला करेंगेे।