शाहगंज। नगर के पुरानी बाजार क्षेत्र में एक महिला को कानूनी लड़ाई लड़ना भारी पड़ रहा है। धोखाधड़ी के आरोपी ने पीड़िता के घर पहुंचकर मुकदमा वापस न लेने पर चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी दी है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपनी सुरक्षा और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। पुरानी बाजार निवासी पीड़िता बिंदु सोनी ने बताया कि उन्होंने लोन के पैसों में हुई धोखाधड़ी को लेकर जाफराबाद थाना क्षेत्र के पौना गांव निवासी चंदन कुमार के खिलाफ न्यायालय के माध्यम से प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि इसी रंजिश में 18 फरवरी की शाम आरोपी उनके घर के बाहर पहुंचा और गालीगलौज करते हुए केस वापस लेने का दबाव बनाया। मना करने पर आरोपी ने तेजाब से हमला करने की धमकी दी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी चंदन कुमार की आधार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड के कुछ कर्मचारियों के साथ साठगांठ है। ये लोग मिलकर भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाते हैं। शाहगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक किरण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी चंदन कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।