सरकारी कार्यालय में चल रही शराब की पार्टी। वीडियो ग्रैब
जौनपुर। भ्रष्टाचार और लेटलतीफी के लिए अक्सर चर्चा में रहने वाला चकबंदी विभाग अब दफ्तर के भीतर ‘शराब पार्टी’ को लेकर विवादों में है। शनिवार को चकबंदी कार्यालय के भीतर कर्मचारियों के जाम छलकाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इससे जिला प्रशासन में खलबली मच गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह नौ सेकंड का वीडियो कार्यालय के भीतर का बताया जा रहा है। वीडियो में सरकारी मेजों पर शराब की बोतलें और भरे हुए गिलास साफ देखे जा सकते हैं। इस दौरान कुछ कर्मचारी पार्टी का आनंद लेते नजर आ रहे हैं और वीडियो बनाने वाले को रोकने की कोशिश भी कर रहे हैं। शुरुआत में चर्चा थी कि यह वीडियो कलेक्ट्रेट के किसी बड़े अधिकारी से जुड़ा है लेकिन शुरुआती जांच में इसकी लोकेशन चकबंदी कार्यालय पाई गई है।