जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय सेमेस्टर परीक्षा के साथ ही दीक्षांत समारोह की तैयारी में जुटा है। राजभवन से जारी पत्र में राज्य विश्वविद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि इस बार जुलाई में दीक्षांत समारोह कराया जाए। राज्यपाल के हाथों टापरों को मेडल और शोधार्थियों को डिग्री मिलेगी। विश्वविद्यालय परीक्षा के साथ ही समय से रिजल्ट तैयार कराने में जुटा है। पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर और गाजीपुर जनपद के कुल 604 महाविद्यालय संबद्ध हैं। इन महाविद्यालयों के दूसरे, चौथे और छठवें सेमेस्टर की परीक्षाएं 15 अप्रैल से शुरू हो गई हैं। जौनपुर में 231 महाविद्यालय हैं। इनमें 3 राजकीय, 14 अनुदानित और 214 स्ववित्तपोषित महाविद्यालय शामिल हैं। इसी प्रकार गाजीपुर में कुल 373 महाविद्यालयों का संचालन हो रहा है। इनमें 4 राजकीय, 8 अनुदानित महाविद्यालय हैं। इनकी परीक्षा कराने के साथ ही जुलाई में रिजल्ट देने की तैयारी है। राजभवन से पत्र जारी होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन 29 वें दीक्षांत समारोह का आयोजन जुलाई में कराने की तैयारी में माना जा रहा है कि परीक्षा खत्म करने से पहले ही दीक्षांत समारोह की तैयारी के लिए समितियों का गठन कर उनको जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी। विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह की तैयारी के लिए 50 से अधिक समितियों का गठन किया जाता है। इन समितियों को उनके कार्य की जिम्मेदारी सौंप दी जाती है। इसमें मंच सज्जा, मंच पर आसन व्यवस्था, सरस्वती वंदना, राष्ट्रगान, शोभायात्रा, कुलगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम, परिसर व्यवस्था समिति, उपाधि वितरण, स्मारिका मुद्रण, अनुश्रवण, मेडल वितरण समिति, शोध उपाधि समिति, जलपान समिति, भोजन समिति समेत अन्य समितियों का गठन किया जाएगा। कुलसचिव केश लाल ने बताया कि राजभवन से प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों से दीक्षांत समारोह को लेकर जानकारी मांगी गई थी। राजभवन से तारीख का निर्धारण होते ही तैयारी तेज कर दी जाएगी। परीक्षा कराने के साथ रिजल्ट घोषित करने की तैयारी चल रही है। जुलाई में समारोह आयोजित करने की तैयारी है।