धन वसूली का आरोप लगाते हुए प्रधानों ने खंड विकास अधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को दर्जनों ग्राम प्रधानों ने विकास खंड कार्यालय पर राज बहादुर यादव के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया। इस मौके पर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंप कर समस्या का निस्तारण कराने की मांग की। प्रधानों का आरोप है कि बीडीओ द्वारा विकास कार्यो में धन की मांग की जाती है। पैसा नहीं देने पर कंप्यूटर आपरेटर से फिडिंग करने से मना कर दिया जाता है। मनरेगा के कार्यों के सत्यापन करने में कमीशन की मांग की जाती है।
प्रधानमंत्री आवास योजना में भी धन की मांग होती है। बीडीओ द्वारा अपमान जनक शब्दों का प्रयोग किया जाता है। ऐसी स्थित में विकास कार्य कराना सम्भव नहीं हो पा रहा है। प्रधानों ने चेतावनी दिया है कि खंड विकास अधिकारी का स्थानांतरण किया जाए अन्यथा एक सप्ताह बाद ब्लाक मुख्यालय पर ताला जड़ दिया जाएगा। उधर, खंड विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज ने बताया कि सभी आरोप निराधार है। कुछ लोग फर्जी भुगतान कराने की दबाव बना रहे हैं। भुगतान नहीं करने पर वसूली कराने का आरोप लगा रहे हैं। इस मौके पर श्रीकृष्ण पांडेय, बाबूलाल यादव, सलाउद्दीन, समरनाथ यादव, सन्तोष यादव, समर बहादुर, शान्ती, गयासुद्दीन, तवरेज, अजीत यादव, काली प्रसाद आदि मौजूद रहे।