जौनपुर। शारदीय नवरात्र शुरू होने में कुछ ही दिन शेष हैं। नवरात्र में प्रतिपदा तिथि से ही जिले के विभिन्न इलाकों में पूजा पंडाल सजाकर मां दुर्गा की आराधना होने लगती है। दो साल तक कोरोना का असर था, इस बार पुरी तरह से कोरोना मुक्त माहौल है। ऐसे में दुर्गा पूजा महोत्सव धूमधाम से होगा। उसी के अनुसार पूजा समितियां तैयारी भी कर रही हैं, लेकिन जौनपुर शहर में गड्ढायुक्त सड़कें उनकी चिंता बढ़ा रही हैं। शांति समितियों की बैठक, जिला प्रशासन के साथ बैठकों में समितियों के पदाधिकारियों को इसको लेकर मुद्दा भी उठाया है। इस स्थिति में नवरात्र से पहले गड्ढों को भरवाना प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।
पूजन समितियों से जुड़े पदाधिकारियों की मानें तो प्रशासन सभी व्यवस्थाओं के लिए पूजा समितियों को कह रहा है। समितियां उसे कर भी लेंगी, लेकिन सड़कों की स्थिति नहीं सुधरी तो दिक्कत हो सकती है। गड्ढायुक्त सड़कों से होकर प्रतिमा ले जाते समय प्रतिमाओं के खंडित होने, रात के समय जब महोत्सव शुरू होगा तो लोग दर्शन-पूजन के लिए भी निकलते हैं, ऐसे में गड्ढायुक्त सड़कें उनके लिए खतरनाक हो सकती हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत तो नवरात्र के अंतिम दिन व दशहरा के दिन तब होने की आशंका है जब शहर की सभी प्रतिमाएं एक साथ शहर भ्रमण करायी जाती हैं। उस शोभायात्रा में भी दिक्कत होगी। श्री दुर्गापूजा महासमिति के अध्यक्ष अनिल अस्थाना ने कहा कि सड़कों की स्थिति काफी खराब है। जल्दी मरम्मत नहीं हुई तो परेशानी बढ़ जाएगी। इस समस्या के बारे में प्रशासन को अवगत कराया गया है।
यहां की सड़कों की दशा खराब, समिति भी जता चुकी है चिंता
सड़कों की दशा सुधारने के लिए श्री दुर्गापूजा महासमिति भी चिंता जता चुकी है। इस समय शहर की पॉलीटेक्निक चौराहे से सिटी स्टेशन रोड, सिपाह से मानिक चौक एवं किला होते हुए चहारसू तक की सड़क खराब है। मानिक चौक से अटला होते हुए सुदहद्दी चौराहा तक की भी सड़क पर कई जगह गड्ढे हैं। भंडारी रेलवे स्टेशन से रसूलाबाद होते हुए शकरमंडी तक, ओलंदगंज चौराहे से विसर्जन गली नखास तक की सड़क पर भी कई गड्ढे हैं। अन्य मार्गों की भी स्थिति ठीक नहीं हैं। कहीं सीवर लाइन बनाने के लिए तो कहीं सड़क बनाने के लिए सड़क खोदी गई है।
शहर में जहां भी सड़कों पर गड्ढा है और आस-पास दुर्गा पूजा पंडाल लगाए जाने हैं वहां की सड़कें दुरूस्त करायी जाएंगी। पूजा समितियों के साथ बैठक करके हर समस्या का हल निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
- संतोष मिश्रा, अधिशासी अधिकारी-नगर पालिका-जौनपुर