मड़ियाहूं, सत्ती माता तिराहे पर लगे विवादित पोस्टर को उतरवाती पुलिस। स्रोत-संवाद
जौनपुर। जिले की राजनीति मंगलवार को पोस्टर वार से गरमा गई। एक संगठन की तरफ से कई चाैराहों पर पोस्टर लगाए गए। इनमें योगी आदित्यनाथ को धुरंधर सीएम बताया गया। इसी तरह सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को ल्यारी राज (फिल्म धुरंधर में रहमान का किरदार निभाने वाले पात्र का इलाका) का बताया गया। इस पर सपा की तरफ से कड़ी आपत्ति जताई गई। मामले का संज्ञान प्रशासन ने भी लिया और सभी पोस्टर हटवा दिए। शहर के बीचोबीच कोतवाली क्षेत्र से लेकर मड़ियाहूं और रामपुर जैसे इलाकों में विवादित पोस्टर देख सपा कार्यकर्ता भड़क गए और विरोध जताया। कोतवाली के ठीक सामने सिपाह पुलिस चौकी के पास बिजली के पोल पर होर्डिंग टांग दी गई। इसके अलावा नेवढि़या, रामपुर के गोपालापुर तिराहे और मड़ियाहूं के सत्ती माता तिराहे व शिवपुर में भी विवादित पोस्टर और होर्डिंग्स दीवार पर चस्पा किए गए। जैसे ही मामले की भनक लगी, पुलिस सक्रिय हुई और विवादित पोस्टरों को हटवा दिया गया। मड़ियाहूं में सपा नेता राजवीर यादव की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की।