खेतासराय, जिलाधिकारी को जांच के लिए पत्र देने पहुंचे सभासद। स्रोत-संवाद
- फोटो : सांकेतिक
खेतासराय। नगर पंचायत खेतासराय में सोमवार देर शाम को प्रस्तावित बोर्ड बैठक के विवाद में सभासदों में रजिटर पर फर्जी हस्ताक्षर को लेकर मारपीट हो गई, जिसका वीडियो वायरल हो गई है। मंगलवार को सभासदों का एक गुट ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। नगर पंचायत की प्रस्तावित बैठक सोमवार को होनी थी लेकिन कोरम के अभाव में स्थगित कर दी गई थी। आरोप है कि इसके बावजूद कुछ लोग नगर पंचायत कार्यालय के बजाय कस्बे में एक आरा मशीन पर गुप्त रूप से बैठक दिखाकर एजेंडा और उपस्थिति रजिस्टर पर फर्जी हस्ताक्षर कर रहे थे। सूचना मिलने पर अन्य सभासद मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। तहरीर पर पुलिस ने सभासद सतीश यादव के विरुद्ध मारपीट, गाली-गलौज, रजिस्टर फाड़ने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने इसकी पुष्टि की है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। कुछ सभासदों का आरोप है कि चेयरमैन और ईओ की मिलीभगत से बिना विधिवत बैठक बुलाए ही कार्यवाही पूरी दिखाने का प्रयास किया जा रहा था। इस दौरान सभासदों ने संबंधित रजिस्टर को अपने कब्जे में लेकर अधिशासी अधिकारी को सूचना दी। मामले को गंभीर मानते हुए सभासदों ने मंगलवार को जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी है कि शीघ्र कार्रवाई न होने पर धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। इस संबंध में चेयरमैन वसीम अहमद ने बताया कि सोमवार को बोर्ड की बैठक प्रस्तावित था। कोरम पूरा न होने के कारण स्थगित कर दी गई। रजिस्टर फोटो कॉपी के लिए बाजार में कर्मचारी से भेजा गया था, उसके बाद क्या हुआ उसकी जानकारी नहीं है। मेरे ऊपर लगे सभी आरोप निराधार हैं।