आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होते ही पुलिस राजनीतिक पार्टियों और नेताओं के पोस्टर, बैनर और होर्डिंग उखाड़ने में जुट गई। राजनीतिक दलों और नेताओं के पोस्टर उखड़वाने के साथ पुलिस ने उसकी वीडियो रिकार्डिंग भी करवाई। शहर से लेकर ग्रामीण इलाके तक पुुलिस ने इसे अभियान के तौर पर लिया है।
दोपहर में निर्वाचन आयोग ने जैसे ही विधानसभा चुनाव की घोषणा की वैसे ही पुलिस इस अभियान में जुट गई। पुलिस की सक्रियता को देखते हुए ऐसा लगा कि जैसे इस काम के लिए पुलिस पहले से ही तैयार बैठी थी। दोपहर से शुरू अभियान देर शाम तक चलता रहा। मछलीशहर में होर्डिंग दरोगा के ऊपर गिर गई जिससे वह घायल हो गए।
इधर नव वर्ष के मौके पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के बधाई संदेश वाले होर्डिंग, बैनर और पोस्टर से पूरा शहर पट गया था। सरकरारी भवनों से लेकर निजी मकानों की दीवारों, बिजली के खंभे, पेड़ आदि पर होर्डिंग और पोस्टर लगा दिए गए थे।
आदर्श चुनाव आचार संहिता के तहत इन पोस्टरों को हटाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। लाइनबाजार पुलिस ने इस काम के लिए दिहाड़ी मजदूरों को लगा दिया है। मजदूरों को साथ पुलिस पोस्टर उखाड़ने की वीडियो रिकार्डिंग भी कर रही है।
मछलीशहर प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय कोतवाली में तैनात दरोगा सगीर अहमद कस्बे में स्थित मुंगराबादशाहपुर चौराहे पर लगी होर्डिंग उतरवा रहे थे। असावधानीवस होर्डिंग ऊपर से नीचे गिर पड़ी जिससे दरोगा उसकी चपेट में आ गए। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उनका उपचार कराया गया।
मड़ियाहूं, सरायख्वाजा, जलालपुर, चदवक, केराकत, मीरगंज, शाहगंज, बदलापुर, सिकरारा, महराजगंज, सिंगरामऊ समेत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने होर्डिंग बैनर पोस्टर हटवाने का अभियान चलाया। इस अभियान में राजस्व कर्मचारी, नगरपालिका के कर्मचारी भी शामिल हैं।
उधर, देर रात 10 बजे डीएम और एसपी निरीक्षण करने निकले। इस दौरान नगर के कोइरियाडीह में पोस्टर और बैनर लगे होने पर एक कानूनगो और दो लेखपालों को निलंबित कर दिया। तीनों की ड़यूटी उक्त स्थान पर पोस्टर उखाड़ने के लिए लगाया गया था। डीएम और एसपी ने कहा कि यदि कहीं भी पोस्टर बैनर लगा मिला तो वहां ड्यूटी कर रहे लोगों पर कार्रवाई होगी।