वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित कार्यशाला ‘हाउ टू फेस इंटरव्यू : डूज एंड डोंट्स’ में दून विश्वविद्यालय, देहरादून के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के डीन प्रो. एचसी पुरोहित ने विद्यार्थियों को साक्षात्कार के दौरान सकारात्मकता बनाए रखने और आत्मविश्वास से आगे बढ़ने का मंत्र दिया।
प्रो. पुरोहित ने कहा कि साक्षात्कार के दौरान हमारा पहनावा, चेहरे की भाव-भंगिमा और मानसिक स्थिति महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पेशेवर और साफ-सुथरा पहनावा, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच से हम अपनी क्षमताओं का बेहतरीन प्रदर्शन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि साक्षात्कार के दौरान ज्ञान और कौशल के साथ समस्याओं को हल करने की क्षमता, तनाव सहन करने की शक्ति, नेतृत्व और समय प्रबंधन जैसे गुण भी परखे जाते हैं। प्रो. पुरोहित ने विद्यार्थियों को अपनी उपलब्धियों को उत्कृष्ट रूप से प्रस्तुत करने की सलाह दी। कहा कि जीवन में नकारात्मकता ही व्यक्ति को पीछे धकेलती है।
कार्यशाला के दौरान ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. अविनाश डी. पाथर्डीकर ने विद्यार्थियों के कौशल विकास और प्लेसमेंट के लिए संस्थान की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और संवाद कला को निखारने के लिए निरंतर कार्यशालाएं आयोजित करेगा। इस मौके पर कई शिक्षाविद् और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। संचालन डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने किया। आभार डॉ. राकेश उपाध्याय ने किया।