केराकत सर्किल के जलालपुर थाने के त्रिलोचन बाजार स्थित शराब ठेके पर वर्दी में शराब खरीदते दिखे सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है। जलालपुर थाने से एक सप्ताह में तीन सिपाही लाइन हाजिर हुए हैं। इस लेकर जलालपुर विभाग की किरकिरी हो रही है।
सिपाही द्वारा वर्दी में शराब खरीदने और चखने के पैसे न देने को लेकर विवाद का वीडियो शुक्रवार को वायरल हुआ था। अमर उजाला ने इस खबर को प्राथमिकता से छापा था, जिसका एसपी ने संज्ञान लिया। उन्होंने सिपाही की अनुशासनहीनता को देखते हुए उसे तात्कालिक रूप से लाइन हाजिर कर जांच शुरू करवा दी है। जलालपुर थाना प्रभारी की मानें तो इस मामले को कप्तान ने गंभीरता से लेते हुए कहा है कि यदि जांच में सिपाही का दोष सिद्ध होता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दुकानदार ने आरोप लगाया था कि सिपाही न केवल वर्दी में शराब खरीदने आया था, बल्कि चखने का पैसा देने से भी इंकार कर दिया और धमकी दी। तीन दिन पहले भी इसी थाने के सिपाही मुकेश सिंह और विष्णु तिवारी को पैसे के बंटवारे के दौरान मारपीट को लेकर लाइन हाजिर किया गया था।